फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार कर चर्चा में आए समीर वानखेड़े ने एक इंटरव्यू में विभिन्न मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने आर्यन खान मामले पर कहा कि हमारे लिए सब मामले बराबर होते हैं और हम केस को हाई प्रोफाइल या लो प्रोफाइल समझकर जांच नहीं करते हैं। समीर वानखेड़े के लोकसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं हैं। इस पर समीर वानखेड़े ने कहा कि 'भविष्य में क्या होना है, ये किसी को नहीं पता होता। पहले भी मेरा सिद्धांत रहा है कि राष्ट्र सर्वोपरि और आगे किसी भी रूप में काम करूं, मेरा यही सिद्धांत रहेगा। आगे क्या होगा कोई नहीं जानता, लेकिन मैं अपने सम्मान, समाज के लिए लड़ता रहूंगा।'
'न्याय मिलने की पूरी उम्मीद'
अपने ऊपर लगे आरोपों पर समीर वानखेड़े ने कहा कि 'कई घटिया तरह के आरोप मुझ पर लगे, जिनमें मेरी जाति, धर्म को लेकर काफी आरोप लगे, लेकिन उन आरोपों का क्या हुआ? मीडिया में काफी कुछ लिखा गया। इन आरोपों की वजह से देश सेवा का समय बर्बाद हो गया। समीर वानखेड़े ने बताया कि उनके खिलाफ अभी 7-8 मामले चल रहे हैं। इन मामलों की वजह से उनका काफी समय बर्बाद हो रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चल रहे मामलों की सुनवाई में थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि न्याय जरूर मिलेगा।
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान मामले पर ये बोले
आर्यन खान के मामले पर वानखेड़े ने कहा कि 'मेरे लिए सब केस बराबर हैं और ये आरोप-प्रत्यारोप मेरे करियर में पहले से चलते आए हैं। हमारे लिए कोई हाई प्रोफाइल और लो प्रोफाइल केस नहीं होते हैं और बस तथ्य होते हैं। उससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ा। अगस्त 2021 में उन्हें अच्छे काम के लिए मेडल भी मिल, लेकिन कुछ महीने बाद ही पता नहीं ऐसा क्या हुआ कि मुझे पर ये आरोप लगे।' शाहरुख खान से कथित विवाद पर समीर वानखेड़े ने कहा कि 'मेरा पर्सनल किसी से कोई विवाद नहीं है।'
सुशांत सिंह राजपूत समेत कई अन्य हाई प्रोफाइल मामलों की जांच समीर वानखेड़े कर रहे थे, अब जब वे एनसीबी में नहीं हैं तो उन्होंने इन मामलों की प्रगति पर कहा कि फिलहाल इन मामलों में क्या हो रहा है, उसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। विभाग द्वारा निशाना बनाए जाने के आरोपों पर समीर वानखेड़े ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि जिस दिन उन्हें कोर्ट से इजाजत मिल जाएगी, तब ही वे इस पर अपनी बात रखेंगे।
रिश्वत के आरोपों पर दिया ये जवाब
हाई प्रोफाइल मामलों में पैसों के कथित लेन-देन के आरोपों को समीर वानखेड़े ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि 'जो लोग आरोप लगा रहे हैं, वो ये क्यों नहीं पूछते कि आप की टीम पर कितने हमले हुए, कितनी हेड इंजुरी हुई या कितने नशा तस्करों को पकड़ा और कितने बच्चों को रिहैबिलेट किया। लोग सिर्फ एक केस के बारे में बात करते हैं। जब खून बहता है तो तब भी ये सवाल नहीं पूछा जाता कि समीर वानखेड़े महार समाज से है, बौद्ध समाज से है या मुस्लिम है। जिन लोगों को आरोप लगाने हैं, वो घटिया आरोप लगाते हैं, लेकिन हमें उम्मीद है कि हमें जीत मिलेगी। हमारी टीम ने कई बड़े और अहम मामले सुलझाए और बड़ी संख्या में ड्रग्स की जब्ती की, लेकिन लोग छोटे-छोटे मामलों की चर्चा करते हैं।' साथ ही उन्होंने कहा कि 'पिछले 18 साल के करियर में उन पर कभी आरोप नहीं लगे और सिर्फ इस मामले में ही आरोप क्यों लगे?' समीर वानखेड़े ने कहा कि 'मुझे अपने जीवन में कोई पछतावा नहीं है। मैंने गर्व से भारत माता की सेवा की है और मुझे किसी क्षण पर पछतावा नहीं है। जब कोई मुझ पर जानबूझकर मुझ पर आरोप लगाता है तो मैं उसे बतौर मनोरंजन देखता हूं।'