केरल में आरएमपी नेता केएस हरिहरन के घर पर कथित तौर पर हमला हो गया। हमलावरों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी। हरिहरन ने वरिष्ठ सीपीएम नेता केके शैलजा और प्रमुख फिल्म अभिनेत्री मंजू वारियर के खिलाफ एक आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे विवाद पैदा हो गया।
हरिहरन ने बताया कि रविवार रात करीब सवा आठ बजे बाइक पर आए हमलावरों ने कुछ विस्फोटक फेंके। उन्होंने गेट के पास से आग देखी और फिर धमाके की आवाज सुनी। इसके बाद ही हमलावर वहां से भाग गए। गनीमत यह है कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही किसी नुकसान की सूचना है।
यह है पूरा मामला
आरएमपी नेता हरिहरन ने शनिवार रात को वडकारा में एक कार्यक्रम को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने दोनों महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने किया था। यह कार्यक्रम सत्तारूढ़ एलडीएफ के आरोपों के जवाब में आयोजित किया गया था। एलडीएफ ने यूडीएफ कार्यकर्ताओं पर शैलजा का एक वीडियो बनाने का आरोप लगाया था।
सियासी हंगामा खड़ा हुआ
उनकी खुद की पार्टी और पार्टी के आलाकमान ने खुले तौर पर उनकी आलोचना की। पार्टी ने कहा कि हरिहरन को किसी भी महिला के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। बाद में हरिहरन ने फेसबुक पर अपनी टिप्पणी के लिए खेद व्यक्त किया। साथ ही कहा कि जानबूझकर महिलाओं का अपमान नहीं किया था, बस गलती से जुबान फिसल गई थी।
पार्टी ने झाड़ा पलड़ा
विभिन्न मुद्दों पर महिलाओं के मुद्दे की पुरजोर वकालत करने वाली रीमा ने रविवार को कहा कि पार्टी किसी के द्वारा की गई इस तरह की टिप्पणी का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा, 'यह एक व्यक्ति द्वारा की गई टिप्पणी थी और इसके लिए पूरी पार्टी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता है।' विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी कहा कि यूडीएफ हरिहरन के विवादास्पद बयान का समर्थन नहीं करता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं को सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान बोलते समय हमेशा दूसरों के लिए एक उदाहरण पेश करना चाहिए।