कोलकाता में 31 साल की महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात के खिलाफ जनाक्रोश पनप रहा है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में डॉक्टर के साथ दरिंदगी और हत्या के मामले में भाजपा लगातार प्रदर्शन कर रही है। बीजेपी का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार गिरने वाली है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्षी दल की भूमिका निभा रही भाजपा का दावा है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में हुई वारदात को लेकर छात्र समुदाय का गुस्सा चरम पर है और आक्रोशित जनता सत्ताधारी ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकेगी। कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुई वारदात के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के अंतिम दिन भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, 'सरकार छात्रों के इस आंदोलन से डरी हुई है और लोगों की आवाज को दबाना चाहती है। लेकिन पश्चिम बंगाल का छात्र समाज जाग चुका है।'
इंसाफ मिलने तक सड़कों पर रहेगी भाजपा
विज्ञापन
सुकांत मजूमदार ने कहा, 'मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार को सत्ता से उखाड़कर राज्य की जनता गंगा में विसर्जित कर देगी। आज हमारे आंदोलन का आखिरी दिन है, लेकिन यह हमारे आंदोलन का आखिरी दिन नहीं है, आगे और भी विरोध प्रदर्शन होंगे।' प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही वे भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की सूची जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को इंसाफ मिलने तक पश्चिम बंगाल भाजपा लगातार सड़कों पर रहेगी।
सीबीआई ने जेल में पॉलीग्राफ टेस्ट कराया
बता दें कि इससे पहले रविवार को सीबीआई अधिकारियों की मौजूदगी में दुष्कर्म-हत्या मामले के मुख्य आरोपी संजय रॉय का प्रेसिडेंसी जेल में पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया। टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीबीआई अधिकारी जेल से रवाना हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया तीन घंटे से भी अधिक लंबे समय तक चली। गौरतलब है कि बीते दिन कॉलेज के पूर्व प्राचार्य समेत पांच का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया था।