इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में शुक्रवार को संपन्न छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के रोहित कुमार मिश्रा अध्यक्ष चुने गए। रोहित ने समाजवादी छात्रसभा (सछास) के अजीत यादव विधायक को मात्र 95 मतों के अंतर से हराया। रोहित को 3097 वोट मिले हैं। केंद्रीय दर्जा मिलने के बाद अध्यक्ष पद पर परिषद के प्रत्याशी ने पहली बार जीत हासिल की है।
अब तक इस पद पर छात्र सभा का दबदबा रहा है। वहीं महामंत्री पद पर सछास के शिवबालक ने एबीवीपी के रवि प्रताप को मात दी। शिवबालक को 2853 तथा रवि प्रताप को 1856 वोट मिले। सछास के ही अदील हमजा साहिल उपाध्यक्ष तथा मनीष कुमार सैनी सांस्कृतिक सचिव चुने गए।
वहीं परिषद समर्थित अभिषेक कुमार पांडेय योगी संयुक्त मंत्री निर्वाचित हुए। इस तरह इस बार भी पांचों पद दोनों संगठनों ने बांट लिए। पिछले साल छास समर्थित ऋचा सिंह अध्यक्ष तथा अन्य चारों पद परिषद के खाते में गए थे। विजयी प्रत्याशियों को शनिवार को सुबह 10 बजे छात्रसंघ भवन पर शपथ दिलाई जाएगी।