रामजस कॉलेज विवाद से डीयू में शुरू हुई राष्ट्रवाद और गैर राष्ट्रवाद की बहस अब वाम और भगवा परिवार के बीच की वैचारिक लड़ाई बन गई है। संघ परिवार जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) मामले की तरह रामजस कॉलेज विवाद को भी वाम वैचारिकता की कवायद मान रहा है। वामदलों के साथ छिड़ी बौद्धिक जंग को अब संघ अंजाम तक पहुंचाने में जुट गया है। वाम विचारधारा के खिलाफ संघ डीयू के साथ पूरे देश में सीधा हमला बोलेगा।
हालांकि गुरमेहर कौर ने विवाद में आकर भगवा संगठनों का जायका बिगाड़ दिया है। वह कारगिल युद्ध के शहीद की बेटी हैं। इसलिए भगवा संगठन उन पर सीधे हमले से बचेगा। केंद्रीय मंत्रियों के जरिए गुरमेहर कौर पर हुए तल्ख हमले भी संघ को रास नहीं आए हैं। संघ के एक शीर्ष पदाधिकारी का कहना है कि गुरमेहर के मामले को तूल देने से हमें बचना चाहिए।
वाम विचारधारा के खिलाफ माहौल बनाने के प्रयास में संघ ने डीयू को लाल आतंक से निजात दिलाने के नाम पर बुधवार को अपने समर्थित कॉलेज शिक्षकों का मार्च आयोजित करेगा। इसके साथ ही केरल के वाम आतंक को राष्ट्रीय मुद्दा बनाते हुए संघ के कार्यकर्ता एक मार्च को देशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।