अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास का जश्न भारत में तो मनाया ही गया अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय ने भी इसे लेकर हर्ष व्यक्त किया। बुधवार को यहां के मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर एक विशाल स्क्रीन पर भगवान राम, भव्य मंदिर की तस्वीर और भारतीय तिरंगे को प्रदर्शित किया गया। यहां जश्न मनाने के लिए लिए बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग भी एकत्रित हुए।
प्रमुख सामुदायिक नेता एवं अमेरिकी भारत लोक मामलों की समिति के अध्यक्ष जगदीश सिहानी ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। न्यूयॉर्क और कई अन्य राज्यों से भारतीय प्रवासी शाम को टाइम्स स्क्वायर पर एकत्रित हुए थे। आयोजकों ने यहां दीये जलाने, भजन गाने और मिठाइयां बांटने की व्यवस्था की थी। लोग यहां सांस्कृतिक परिधानों में सजे-धजे नजर आए थे। लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगा अपना उत्साह जाहिर किया था।
सिहानी ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण विश्वभर में हिंदुओं का सपना पूरा होने जैसा है। छह साल पहले तक इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी, लेकिन मोदी के नेतृत्व में यह दिन आया और हम पूरे जोश के साथ इसका जश्न मनाना चाहते हैं।' बता दें कि तस्वीर को पहले पूरे दिन वहां प्रदर्शित किया जाना था। उन्होंने कहा कि केवल चार घंटे भी भगवान राम की तस्वीर को वहां प्रदर्शित किया जाना ऐतिहासिक है।