तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी ने कथित तौर पर एक बार फिर सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारी है। बता दें कि संसद परिसर में सभापति की मिमिक्री मामले में बनर्जी पहले भी विवादों में घिर चुके हैं। ताजा घटनाक्रम में भाजपा ने तृणमूल के साथ-साथ कल्याण बनर्जी पर जमकर निशाना साधा है। सत्ताधारी दल ने कल्याण बनर्जी के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा विपक्षी दलों को एक बार फिर 'घमंडिया' करार दिया।
किसान के बेटे का मजाक उड़ा रहे, बर्दाश्त नहीं करेगी जनता
ओडिशा में एक सवाल के जवाब में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमलावर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, संस्कारहीन होने के कारण किसी को जेल की सजा नहीं होती। उन्होंने कहा, ममता बनर्जी के समर्थन से टीएमसी में अहंकार चरम पर है। अगर वे संवैधानिक पद का मजाक उड़ा रहे हैं तो किसान के बेटे का मजाक उड़ाएंगे।
'घमंडिया' गठबंधन में मोदी सरकार की लोकप्रियता से घबराहट
उन्होंने कहा, अगर ये पिछड़ी जाति से आने वाले किसी का मजाक उड़ाएंगे तो इन्हें जेल नहीं होगी लेकिन जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने आरोप लगाया कि 'घमंडिया' गठबंधन मोदी सरकार की लोकप्रियता को स्वीकार नहीं कर सकता।
इन लोगों की मिमिक्री अधिक मजेदार होगी
मिमिक्री विवाद पर कोलकाता में मौजूद बीजेपी सांसद दिलीप घोष ने कहा, कल्याण बनर्जी वरिष्ठ वकील, नेता और सांसद हैं। आपको समझ होनी चाहिए। उन्होंने संवैधानिक पद की गरिमा से खिलवाड़ न करने की सलाह देते हुए कहा, आप पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की मिमिक्री भी कर सकते हैं। यह इससे भी अधिक मजेदार होगा।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल क्या बोले?
पूर्व कांग्रेस नेता और वर्तमान में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने भी इस विवाद से जुड़े एक सवाल पर टिप्पणी की। उन्होंने सवाल किया कि वीडियो बनाने में क्या गलत है? सिब्बल ने कहा कि राहुल गांधी ने वीडियो को शेयर करने के लिए खुद को एक मंच के रूप में इस्तेमाल नहीं किया।
संवैधानिक पदों को बदनाम किया जाना चिंताजनक
सिब्बल ने कहा, अगर वे संसद परिसर में मिमिक्री के दौरान मौजूद होते तो निजी तौर पर ऐसा कुछ नहीं करते। हालांकि, सभापति की नकल करने वाले को खुद भी इस बारे में सोचना चाहिए था। उन्होंने कहा, यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। जिस हद तक संवैधानिक पदों को बदनाम किया जा रहा है वह चिंताजनक है।
सांसद बनने के लिए मानसिक रूप से फिट नहीं
कपिल सिब्बल के अलावा भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा, मिमिक्री भले ही एक कला है लेकिन संसद परिसर में इसका इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। आप कॉमेडी शो में जा सकते हैं और मिमिक्री कर सकते हैं। अगर आप संसद में उपराष्ट्रपति की नकल / मिमिक्री कर रहे हैं तो मुझे लगता है कि ऐसे लोग सांसद बनने के लिए मानसिक रूप से फिट नहीं हैं।
तृणमूल सांसद ने दूसरी बार कहां मिमिक्री की
बता दें कि
कल्याण बनर्जी ने अपने संसदीय क्षेत्र श्रीरामपुर (पश्चिम बंगाल) में एक सभा को संबोधित करते हुए कथित तौर पर धनखड़ और प्रधानमंंत्री मोदी की मिमिक्री की। उन्होंने कहा कि उन्होंने तो केवल संसद के बाहर मिमिक्री की, लेकिन पीएम मोदी ने तो सदन के भीतर मिमिक्री की। तृणमूल सांसद ने उपराष्ट्रपति धनखड़ पर संवैधानिक पद की गरिमा नष्ट करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पद के लालच में धनखड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान प्रकट करने से ज्यादा उनके सामने समर्पण कर देते हैं। धनखड़ खुद को किसान का बेटा कहते हैं, लेकिन उनके पास जोधपुर में करोड़ों की संपत्ति है। दिल्ली में आलीशान फ्लैट है।