कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें यात्रा के दौरान कोरोना वैक्सीन लेने वाले और आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट रखने की कोई जरूरत नहीं हैं। यात्रीगण पहले की तरह ही सामान्य तरीके से यात्रा करे सकेंगे। वहीं मांग को देखते हुए रेलवे मई और जून में भी कुछ ओर ट्रेनें शुरू करेगा।
भारतीय रेलवे के अनुसार, जो लोग इन दिनों सफर करना चाहते हैं, उनके लिए ट्रेनों की कोई कमी नहीं है। राज्यों और लोगों की डिमांड को देखते हुए ट्रेनें चलाई जा रही हैं। यात्रियों के बड़ी संख्या होने की वजह से हम कोरोना वायरस से संक्रमित ना होने की पुष्टि करने वाली रिपोर्ट नहीं मांग सकते। इन महीनों में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या सामान्य देखी गई। हम जरूरत के अनुसार ट्रेनों की संख्या बढ़ाएंगे।
स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने देशभर में कुछ रूट्स पर अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाने का फैसला किया है। सेंट्रल रेलवे कुल 29 जोड़ी और वेस्टर्न रेलवे कुल 30 जोड़ी अतिरिक्त ट्रेन चलाने जा रहा है। ये ट्रेनें सबसे ज्यादा मांग वाले रूट्स जिनमें गोरखपुर, पटना, दरभंगा, वाराणसी, गुवाहाटी, बरौनी, प्रयागराज, बोकारो, रांची और लखनऊ जैसे शहरों के लिए चलेंगी।
रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से अपील की है। रेलवे ने कहा है कि ट्रेनों में टिकट की बुकिंग को लेकर फैल रही अफवाहों से घबराएं नहीं। रेलवे गर्मियों की छुट्टियों में अधिक विशेष ट्रेनें चलाती है। यात्रियों से अपील है कि वे महामारी की चुनौती को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर भीड़-भाड़ न करें। ट्रेन छूटने से 90 मिनट पहले ही स्टेशन पर पहुंचे। टिकट वालों को ही यात्रा की इजाजत है। कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखें। लॉकडाउन के बाद ट्रेनों को कोविड गाइडलाइंस के अनुसार चलाया जा रहा है।