उत्तर प्रदेश, हरियाणा में दिखा असर
किसानों के इस छह घंटे रेल रोको आंदोलन का असर पंजाब, हरियाणा और यूपी में ज्यादा देखने को मिला। किसान संगठनों ने यूपी में मोदी नगर, मुजफ्फरनगर में ट्रेनें रोकीं। हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर किसानों ने हंगामा और नारेबाजी की। हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने ट्रेनों को रोका। पंजाब के कई जिलों में रेल रोको आंदोलन का असर देखने को मिला।
किसानों के रेल रोको आंदोलन पर उत्तर रेलवे का कहना है कि आठ ट्रेनों पर असर पड़ा है। दिल्ली-रोहतक और दिल्ली-अंबाला रूट को फिलहाल ट्रेनों के लिए बंद किया गया है। इस कारण कई ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। कई ट्रेनें रद्द भी करनी पड़ी हैं। दिल्ली डिविजन से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर तक 42 ट्रेनों पर असर पड़ा है। ट्रेनों को कम दूरी पर खत्म करने (शॉर्ट टर्मिनेशन), शॉर्ट ओरिजिनेट या रीशिड्यूल किया जाएगा। सबसे ज्यादा असर अंबाला-सोनीपत, पानीपत और जींद और भटिंडा रूट पर पड़ा है। रेलवे प्रॉपर्टी को किसी तरह के नुकसान की अब तक खबर नहीं है।
नॉर्दर्न रेलवे से मिली की जानकारी के मुताबिक, बरेली से रोहतक जाने वाली (02715) गाड़ी रद्द कर दी गई है। नांदेड़-श्रीगंगानगर तिलकब्रिज (02439) पर रोक कर रखी गयी है। फिरोजपुर-फाजिल्का सेक्शन का फिरोजपुर सिटी यार्ड भी प्रभावित हुआ है। फिरोजपुर-लुधियाना सेक्शन के अजितवाल, फिरोजपुर-फाजिल्का सेक्शन के गुरु हर्षाई और फिरोजपुर-लुधियाना सेक्शन के चौकीमन पर किसानों के प्रदर्शन से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसे लेकर अब तक सात ट्रेनों को मंजिल से पहले ही रोक दिया गया है।