दिल्ली शराब नीति का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी सच नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि राहुल इस समय अरविंद केजरीवाल के परिवार के साथ एकजुटता दिखा रहे हैं जबकि तेलंगाना में उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री भ्रष्ट हैं।
स्मृति ईरानी ने क्या कहा?
दिल्ली में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं इसका प्रमाण दे सकती हूं कि 'राहुल गांधी एक ही विषय पर कितनी प्रकार की टिप्पणी कर सकते हैं। राहुल गांधी ने दो जुलाई 2023 को तेलंगाना में कहा था कि केसीआर भी भ्रष्ट हैं। शराब घोटाला हुआ है और ये बात सभी जांच एजेंसियों को पता है। स्मृति ईरानी ने सवाल किया कि कौन से राहुल गांधी सच बोल रहे हैं, तेलंगाना या दिल्ली वाले?
केंद्रीय मंत्री ने अजय माकन के बयान की याद दिलाई
केंद्रीय मंत्री ने इस बीच अजय माकन की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अजय माकन ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि आम आदमी पार्टी गोवा में कांग्रेस को हराने के लिए भ्रष्टाचार के पैसे का इस्तेमाल किया है। माकन ने इस दौरान अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा था।
अरविंद केजरीवाल का किया जिक्र
स्मृति ईरानी ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठकर ईमानदारी का हवाला देने वाला व्यक्ति किस तरह से सराकरी मशीनरी का दुरुपयोग करता है, केजरीवाल ने यह बात साबित कर दी है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले से जुड़े सारे दस्तावेज और तथ्य हैरान कर देने वाले हैं।
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में गुरुवार 21 मार्च की रात को गिरफ्तार किया। इसके एक दिन बाद शुक्रवार को कोर्ट ने केजरीवाल को 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।