राहुल गांधी ने कहा, 'तीन-चार लोगों के हाथों में नरेंद्र मोदी जी देश की पूरी खेती दे रहे हैं। आज देश के 4-5 लोग नए मालिक बन गए हैं। सरकार सबकुछ खत्म करना चाहती है। किसान सड़कों पर हमारी लड़ाई लड़ रहे है। किसान देश की आम जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं। वे हमारे भोजन की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमें उनका पूरा समर्थन करना चाहिए। अभी तक खेती पर किसी का एकाधिकार नहीं था। इन कृषि कानूनों से किसानों का हाल आजादी से पहले वाला हो जाएगा।'
पीएम से ज्यादा समझदार हैं किसान
कांग्रेस सांसद ने कहा कि किसानों को न थकाया जा सकता है और न ही बेवकूफ बनाया जा सकता है। किसान प्रधानमंत्री मोदी से ज्यादा समझदार हैं। उन्हें पता है कि देश में क्या हो रहा है। ये सिर्फ किसान ही नहीं बल्कि मध्यम वर्ग पर भी हमला है। सरकार को इन तीनों कानूनों को वापस लेना होगा। हम सरकार पर दबाव बना रहे हैं। ये प्रेस कॉन्फ्रेस भी सरकार पर दबाव बनाने के लिए की गई है।
मैं नरेंद्र मोदी से नहीं डरता
राहुल गांधी ने कहा, 'देखिए ये मेरा कैरेक्टर (चरित्र) है, मैं नरेंद्र मोदी से नहीं डरता। मैं अकेला खड़ा हो जाऊंगा। मैं देशभक्त हूं। मैं उनसे भी ज्यादा फैनेटिक (कट्टर) हूं। आज मेरी बात मत मानो, जब गुलाम बन जाओगे तब मानोगे। मैं गुलाम नहीं हूं न।' जेपी नड्डा के ट्वीट्स का जवाब देते हुए राहुल ने कहा, 'किसान हकीकत जानते हैं। सभी किसान जानते हैं कि राहुल गांधी क्या करता है। नड्डा जी भट्टा पारसौल में नहीं थे। मेरे पास एक साफ चरित्र है, मैं डरता नहीं हूं, वे मुझे छू नहीं सकते। हां, वे मुझे गोली मार सकते हैं।'