फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assam: राहुल ने और FIR दर्ज करने की चुनौती दी, मामला CID को सौंपा गया; DGP बोले- SIT गठित कर होगी गहन जांच

Wed, 24 Jan 2024 11:38 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बारपेटा (असम)

सार

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने असम में पुलिस को और प्राथमिकी दर्ज करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि वे खुद और कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से डरते नहीं हैं। बता दें कि राहुल समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भीड़ को कथित तौर पर उकसाने के लिए गुवाहाटी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस महानिदेशक के मुताबिक, गहन जांच के लिए मामला सीआईडी को सौंपा गया है। SIT गठित कर जांच होगी। 
विज्ञापन
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम के बारपेटा में राहुल गांधी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राहुल गांधी ने असम की पुलिस को और प्राथमिकी दर्ज करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि जितना संभव हो, पुलिस उतने मामले दर्ज करे। इसके बावजूद वे डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस सांसद ने पुराने सहयोगी और अब असम के मुख्यमंत्री, हिमंत बिस्वा सरमा को भी आड़े हाथों लिया। राहुल ने भूमि घोटाले और रिश्वतखोरी का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पूरे भारत में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। राहुल ने असम के बारपेटा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मिलकर भी उन्हें डरा नहीं सकते।
विज्ञापन


SIT का गठन कर जांच करेगी सीआईडी
असम पुलिस के पास दर्ज मामलों को सीआईडी यानी अपराध अनुसंधान शाखा (CID) के पास भेज दिया गया है। असम पुलिस महानिदेशक (DGP) जीपी सिंह ने बताया कि असम पुलिस की सीआईडी के एडीजीपी (अतिरिक्त महानिदेशक) मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करेंगे। उन्होंने कहा कि सीआईडी की एसआईटी मामले की गहन जांच करेगी। इसलिए मामला पुलिस के सामान्य विभाग के बदले सीआईडी को स्थानांतरित किया गया है।

असम पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस महासचिव का बयान

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने असम पुलिस की कार्रवाई पर कहा, असम के मुख्यमंत्री ने उनके अलावा राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, जितेंद्र सिंह, गौरव गोगोई, भूपेन बोरा, देबब्रत सैकिया समेत कई नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि असम पुलिस की प्राथमिकी राजनीतिक एफआईआर है और इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। रमेश का दावा है कि  सोनितपुर में मची अफरा-तफरी से जुड़े सबूत और वीडियो सबके पास हैं। कांग्रेस पार्टी डरने वाली नहीं है।
विज्ञापन



मामला सीआईडी को सौंपे जाने के बारे में क्या बोल कांग्रेस
सीआईडी की तरफ से गठित एसआईटी की जांच का फैसला होने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा, यह असम के सीएम की एक और धमकी है। हम बिना किसी भय के कानूनी कार्रवाई और प्रक्रिया का सामना करेंगे। भारत जोड़ो न्याय यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने असम के अलावा केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। रमेश ने कहा, पीएम मोदी दुनिया भर में जाकर कहते हैं कि भारत लोकतंत्र की जननी है। हालांकि, ऐसी घटनाएं लोकतंत्र की जननी होना नहीं, लोकतंत्र की हत्या दिखाती हैं।

गुवाहाटी पुलिस ने संज्ञान लिया, राहुल समेत कई कांग्रेसियों पर मामला दर्ज
इससे पहले भीड़ को कथित तौर पर उकसाने के लिए गुवाहाटी पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक दिन बाद आक्रामक तेवर दिखाते हुए राहुल ने कहा, उन्हें नहीं पता कि असम के मुख्यमंत्री ने ऐसा क्यों सोच लिया कि पुलिस के पास मामले दर्ज होने पर वे डर जाएंगे। उन्होंने कहा कि 25 और मामले दर्ज कराएं। जितना संभव हो मामला दर्ज करें, उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता। वे किसी से डरने वाले नहीं हैं।
भाजपा-RSS असम को नागपुर से कंट्रोल करना चाहते हैं, कांग्रेस नहीं करने देगी
राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि सीएम सरमा के अलावा पीएम मोदी और शाह के भी दिल 'नफरत से भरे हुए हैं।' उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस असम की भाषा, संस्कृति और इतिहास को मिटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ असम को नागपुर (आरएसएस मख्यालय) से चलाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस और असम की जनता उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं देगी। असम में यहीं के लोगों का शासन होगा।

CM पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए
असम में लगातार हो रहे कथित भ्रष्टाचार की तरफ इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा देश के 'सबसे भ्रष्ट सीएम' हैं। बकौल राहुल, 'जब वह (सीएम सरमा) आपसे बात करते हैं, तो वह आपकी जमीन चुरा लेते हैं। जब आप सुपारी खाते हैं, तो वह सुपारी कारोबार पर भी कब्जा कर लेते हैं।' राहुल का आरोप है कि सीएम सरमा ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में भी जमीन ली है। गौरतलब है कि राहुल ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत मणिपुर से की है। यात्रा के 11वें दिन वे असम के बारपेटा में हैं। 6200 किलोमीटर की इस यात्रा में राहुल समेत कद्दावर कांग्रेसी 14 राज्यों से गुजरेंगे।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें