पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र भाजपा के सोशल मीडिया समन्वयक जितेन गजरिया के खिलाफ मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी और कुछ अन्य राजनीतिक नेताओं पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुणे साइबर सेल की एक टीम गुरुवार को गजरिया को गिरफ्तार करने मुंबई गई थी, लेकिन वह अपने आवास पर नहीं मिले। पुणे साइबर सेल के पुलिस निरीक्षक डी हेक ने कहा कि हमने नोटिस की एक प्रति उसके भाई को जारी की है और उनसे इसका जवाब देने को कहा है।
शिवसेना कार्यकर्ता ने दर्ज कराई थी शिकायत
उन्होंने कहा कि शिवसेना के एक कार्यकर्ता की शिकायत पर गजरिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीएम की पत्नी रश्मि ठाकरे, राकांपा नेता शरद पवार, अजीत पवार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी पोस्ट करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और मानहानिकारक पोस्ट करने के अलावा कुछ पोस्ट का उद्देश्य दो समूहों के बीच नफरत पैदा करना था।
शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार का हिस्सा हैं। गुरुवार को मुंबई पुलिस ने गजरिया से उनके आपत्तिजनक ट्वीट को लेकर करीब आठ घंटे तक पूछताछ की थी।