महाराष्ट्र के पुणे में बीती 8 दिसंबर को मोमबत्ती फैक्ट्री में लगी आग से मरने वालों का आंकड़ा 14 हो गया है। हादसे में घायल दो महिलाओं ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं फैक्ट्री मालिक के अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि जब फैक्ट्री में आग लगी तो फैक्ट्री मालिक भी उस हादसे में घायल हो गया था।
फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने फैक्ट्री मालिक शरद सुतार को अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं हादसे में घायल हुई महिला कमल चौरे (35 वर्षीय) ने शनिवार को और उषा पदवी (40 वर्षीय) ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके बाद फैक्ट्री में आग से मरने वालों का आंकड़ा 14 पहुंच गया है। बीती 8 दिसंबर को पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में स्थित एक मोमबत्ती फैक्ट्री में आग लग गई। जिससे फैक्ट्री में काम करने वाले छह लोग उसी दिन मारे गए। 10 अन्य लोग हादसे में घायल हुए थे, उनमें से भी कुछ की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा 14 हो गया है।
सरकार ने किया था मुआवजे का एलान
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में जन्मदिन के लिए फैंसी मोमबत्तियां बनाई जाती थीं। सरकार ने हादसे में मरने वालों को पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी फैक्ट्री मालिक के खिलाफ आईपीसी और विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों के तहत गैर इरादतन हत्या और ज्वलनशील पदार्थों के रख-रखाव में लापरवाही बरतने संबंधी मामला दर्ज किया था। जिसके आधार पर अब फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।