पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के बेथुआडहरी रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम लोगों के एक समूह ने एक लोकल ट्रेन पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि हमले में ट्रेन को काफी नुकसान पहुंचा है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि हमला करने वाला समूह भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी का विरोध कर रहा था। पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया कि लोगों की अनियंत्रित भीड़ ने ट्रेन पर पथराव किया। कुछ ही लोग घायल हुए थे। अभी वहां कोई ट्रेन नहीं चल रही है, हम राज्य सरकार की अनुमति का इंतजार कर रहे हैं।
अधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया और जब पुलिस ने उनका पीछा किया, तो उनमें से कुछ ने स्टेशन में प्रवेश कर लिया और एक प्लेटफॉर्म से रवाना हो रही ट्रेन पर पथराव किया। उन्होंने कहा कि हमले के कारण लालगोला लाइन पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
हावड़ा-मुर्शिदाबाद में इंटरनेट अब भी बंद
भाजपा के पूर्व प्रवक्ताओं के बयान के बाद शुक्रवार को फैली हिंसा के बाद झारखंड के रांची और पश्चिम बंगाल के हावड़ा और मुर्शिदाबाद में तनाव बना हुआ है। झारखंड पुलिस का कहना है कि रांची में संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए 3500 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल के हावड़ा और मुर्शिदाबाद में अब तक 100 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकांश इलाकों में रविवार को इंटरनेट सेवा बंद रही।
मृतक युवकों के परिजनों ने किया दावा
रांची में पुलिस फायरिंग में मारे गए मोहम्मद मुदस्सिर कैफी और मोहम्मद साहिल के परिजनों ने दावा किया है कि वे विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं थे। साहिल के भाई शाकिब अंसारी ने कहा कि उनका भाई शुक्रवार की नमाज के बाद कुछ काम से रांची की मुख्य सड़क गया था, जहां उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई। वहीं कैफी के पिता अफजल ने कहा कि उन्हें बिल्कुल नहीं पता कि उनके नाबालिग बेटे को गोली कैसे लगी क्योंकि वह प्रदर्शन में शामिल नहीं था। रिम्स के पीआरओ डीके सिन्हा ने कहा कि अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, कैफी की उम्र 22 और साहिल 24 साल का है। उनकी मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई। गंभीर रूप से घायल 13 लोगों का इलाज भी रिम्स में ही चल रहा है।
बंगाल में पुलिस का फ्लैग मार्च
पुलिस ने हावड़ा के उलूबेरिया, पंचला, जगतबल्लवपुर और धूलागढ़ में शनिवार रात को मार्च किया और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों ही जिलों से किसी नई हिंसा की वारदात की खबर नहीं है। कोलकाता के पार्क सर्कस, किड्डेरपुर, राजाबाजार और मल्लिकबाजार में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।