अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो दिन की भारत यात्रा पर 24 फरवरी को अहमदाबाद आ रहे हैं। 'नमस्ते ट्रंप' समारोह का आयोजन 'डोनाल्ड ट्रंप नागरिक अभिनंदन समिति' कर रही है। समिति के खर्च को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने खर्च को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पूछा है कि आखिर सरकार क्या छिपा रही है।
कहा जा रहा है कि अहमदाबाद में डोनाल्ड ट्रंप अभिनंदन समिति के बुलावे पर अमेरिकी राष्ट्रपति आ रहे हैं। यह समिति ही मोटेरा स्टेडियम में आयोजन का खर्च उठा रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि प्रोटोकॉल, सिक्योरिटी, सड़क, संसाधन से जुड़े खर्च सरकार उठा रही है, लेकिन मोटेरा स्टेडियम में आयोजन का खर्च डोनाल्ड ट्रंप अभिनंदन समिति उठा रही है।
हालांकि रवीश कुमार समिति के चेयरमैन या अन्य सदस्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। रवीश कुमार के बयान से पहले तक कभी इस समिति के बारे में कोई चर्चा तक नहीं थी। यहां तक कि सरकार ने भी इससे पहले इस समिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसकी न तो कोई वेबसाइट है। न ट्विटर अकाउंट और न ही फेसबुक पेज।
इंटरनेट पर भी इस समिति के बारे में कोई जानकारी मौजूद नहीं है। यहां तक कि इस समिति का अध्यक्ष कौन है? इसके सदस्य कौन-कौन हैं? इस बारे में भी किसी को नहीं पता। न ही सरकार ने इस बारे में कोई जानकारी दी।