कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और लोगों की मांग का सम्मान करते हुए कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी को औपचारिक रूप से राजनीति में एंट्री देने की तैयारी में है। उच्चपदस्थ सूत्र बताते हैं कि 19 नवंबर को प्रियंका गांधी वाड्रा की एंट्री हो जाने की पूरी संभावना है। बताते हैं इसको लेकर उच्चस्तर पर करीब-करीब सहमति बन चुकी है। इसी के साथ यह भी तय है कि उ.प्र. में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रियंका खुलकर चुनाव प्रचार करेंगी।
19 नवंबर की तारीख क्यों?
19 नवंबर को इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी का जन्मदिन है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि लोगों में प्रियंका के भीतर अपनी दादी इंदिरा का अक्स दिखाई देता है। इसलिए इस दिन प्रियंका की एंट्री जितना कांग्रेस पार्टी के लिए अनुकूल रहेगी, उतना ही प्रियंका गांधी के आगे के करियर के लिए भी ठीक रहेगा।
एंट्री के बाद प्रचार भी
कांग्रेस पार्टी उ.प्र. में राहुल गांधी की किसान यात्रा, खाट सभा को बेहद सफल मान रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि कांग्रेस को लेकर लोगों के बीच में चर्चा ही नहीं हो रही है, बल्कि जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई देने लगा है। राहुल गांधी की यह यात्रा सितंबर के अंत तक चलेगी। इसके बाद दो महीने तक इसके असर का आकलन करने में लगेंगे। नवंबर के अंत से कांग्रेस राज्य में दूसरे दौर का प्रचार अभियान चलाएगी और उसमें प्रियंका गांधी की भूमिका रहना तय माना जा रहा है।
क्या कहते हैं कांग्रेस के नेता
प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, जनार्दन द्विवेदी, मीडिया विभाग के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला समेत सभी का प्रियंका की कांग्रेस में एंट्री को लेकर रटा-रटाया एक ही जवाब रहता है। वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और देश के लोगों में लगातार प्रियंका की मांग बढ़ रही है। लोग राहुल और प्रियंका को चाहते हैं, लेकिन इसको लेकर कोई भी निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी और खुद प्रियंका गांधी को लेना है।
क्या कर रहे हैं प्रशात किशोर
चुनाव प्रचार रणनीतिकार प्रशांत किशोर और उनकी लखनऊ मुख्यालय में बैठी इंडिया पॉलिटिकल एक्शन कमेटी के सदस्यों का पूरा ध्यान राहुल गांधी की किसान यात्रा पर है। इसमें प्रशांत किशोर खुद भी सक्रिय हैं। लखनऊ में बैठी टीम मॉनिटरिंग, मॉनिटरिंग, अपडेशन और फीडबैक में व्यस्त है। वहीं यात्रा के साथ करीब 30 प्रोफेशनल्स(युवक-युवतियों) की टीम चल रही है। जो मिल रहे दिशा-निर्देशों के तहत अपनी भूमिका निभा रही है। व्हाट्सअप पर फोटो डालने, मैसेज देने, लोगों की प्रतिक्रिया जानने, फार्म प्रोफार्मा को सावधानी पूर्वक भरवाने की प्रक्रिया में व्यस्त है। इसी के आधार पर आगे का आकलन होगा।