भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ पीएम मोदी
- फोटो : X/@narendramodi
दिल्ली स्थित भारत मंडपम में दो दिवसीय भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज समापन हुआ। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पीएम मोदी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जीत का मंत्र पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। अधिवेशन में भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने भी शिरकत की। जिसके बाद भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम मोदी ने बैठक की।
भाजपा शासित राज्यों को सीएम के साथ व्यापक चर्चा-पीएम
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउण्ट एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, 'भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ एक व्यापक बैठक की। इस दौरान राज्यों के विकास पथ को ज्यादा मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा कई गई, ताकि एक विकसित भारत में हम विकास के दोहरे इंजन का लाभ उठा सकें।
अगले पांच साल भारत के लिए महत्वपूर्ण- पीएम
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगले पांच साल देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए इस दौरान बहुत काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा की मजबूती के साथ केंद्र में वापसी आवश्यक है। उनके पास देश को मजबूत करने का लक्ष्य है। यदि वे अपने घर की चिंता करने लगते तो आज देश के करोड़ों गरीबों का घर न बना पाते। तीसरे कार्यकाल में वे देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने की बात करते हैं, लेकिन विपक्षी दल देश को विकसित राष्ट्र बनाने का वादा भी करने की हिम्मत नहीं दिखा पाते।