देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार आ रही गिरावट के चलते शीघ्र ही प्रतिबंधों में ढील देने की तैयारी की जा रही है। मुंबई में बाग, खेल के मैदान, पर्यटक स्थल, पार्क, चिड़ियाघर, संग्रहालय को शर्तों के साथ खोलने पर विचार किया जा रहा है।
बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी का कहना है कि मुंबई में कोरोना के मामलों में कमी आयी है। राज्य सरकार और टास्क फोर्स के साथ चर्चा कर अनलॉक की प्रक्रिया शुरू करने के संबंध में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। अगले हफ्ते से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
काकानी ने कहा कि अगर मुंबई में इसी तरह कोरोना के मामलों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा, तो कुछ अन्य प्रतिबंधों में भी ढील दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि कोरोना में बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्यायाम और सुबह टहलना कारगर साबित हो रहे हैं। इसलिए मैदान और उद्यान को खोलने की योजना है। साथ ही होटल और रेस्तरां खुले का समय रात 10 बजे से बढ़ाकर 11 बजे तक किया जा सकता है।
महाराष्ट्र में महिला पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के घंटे घटे
राज्य के पुलिस महानिदेशक संजय पांडे ने एक आदेश जारी कर महाराष्ट्र की महिला पुलिसकर्मियों को खुशखबरी दी। डीजीपी के आदेश के मुताबिक कि अब पूरे महाराष्ट्र में महिला पुलिसकर्मियों को अब 12 के बजाय आठ घंटे ड्यूटी करनी होगी। महिला कर्मियों के लिए नया छोटा कार्य दिवस प्रयोगात्मक आधार पर लागू किया जाएगा। आम तौर पर, पुरुष और महिला दोनों कर्मियों की 12 घंटे की ड्यूटी होती है।
गुरुवार को जारी डीजीपी के निर्देश में कहा गया है कि महिलाओं के लिए आठ घंटे की ड्यूटी अगले आदेश तक लागू रहेगी। इसमें कहा गया है कि यूनिट कमांडरों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आदेश को लागू किया जाए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि महिला अधिकारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन प्रदान करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले यह व्यवस्था नागपुर शहर, अमरवती शहर और पुणे ग्रामीण में लागू की गई थी। हालांकि आपात स्थिति में या त्योहारों के दौरान महिला कर्मियों की ड्यूटी के घंटे बढ़ाए जा सकते हैं लेकिन यह केवल संबंधित जिला पुलिस अधीक्षकों या पुलिस उपायुक्तों की अनुमति से ही हो सकेगा।