वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने दावा किया है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कम से कम छह लोकसभा सीटें जीत सकती है। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि अगर महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के साथ उसका गठबंधन कामयाब नहीं हुआ तो पार्टी 46 उम्मीदवार उतारने को तैयार है।
सीट बंटवारे को लेकर खींचतान
उन्होंने यह भी कहा कि महा विकास आघाड़ी के दो घटक दल शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस वर्तमान में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान में लगे हुए हैं। बता दें, उत्तर प्रदेश के बाद सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं।
एमवीए के सदस्य सीट बंटवारे पर सहमत
हाल ही में, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा था कि एमवीए के सदस्य सीट बंटवारे पर सहमत हो गए हैं। इसे लेकर जल्द घोषणा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि शरदचंद्र पवार वाली एनसीपी प्रमुख शरद पवार, यूबीटी वाली शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, कांग्रेस राज्य अध्यक्ष नाना पटोले और प्रकाश आंबेडकर इस पर अंतिम मंजूरी देंगे।
आंबेडकर के नेतृत्व वाली वीबीए महा विकास अघाड़ी का हिस्सा बनने की कोशिश कर रही है। अपने तीन घटक दलों के साथ आगामी चुनाव लड़ने पर नजर गड़ाए हुए है।
अपने दम पर लड़ने को तैयार पार्टी
नागपुर के रवि भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आंबेडकर ने कहा, 'शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान है और हम (वीबीए) अभी भी बाहरी हैं। उनके द्वारा इस मुद्दे को सुलझाए जाने के बाद हमारी चर्चा शुरू होगी। हालांकि, वीबीए अपने दम पर महाराष्ट्र में कम से कम छह लोकसभा सीटें जीत सकती है और अगर गठबंधन नहीं हुआ तो वह 46 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने को तैयार है।'
इस सीट को बताया सबसे आसान
वह एमवीए के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत की स्थिति के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बशर्ते सही तरीके से लड़ा जाए, तो नागपुर लोकसभा सीट सबसे आसान है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश अर्थव्यवस्था के पतन के कगार पर है।