कई महिलाओं के दुष्कर्म और अश्लील वीडियो के आरोपों में घिरे प्रज्ज्वल रेवन्ना फिलहाल एसआईटी की हिरासत में हैं। अब उनके भाई और जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) के नेता सूरज रेवन्ना ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कर्नाटक के हासन में एक व्यक्ति द्वारा उन पर यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज करने की धमकी दी जा रही है।
यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज
जनता दल (सेक्युलर) के एक कार्यकर्ता और उसके रिश्तेदारों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के एमएलसी सूरज रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज कराने और पैसे ऐंठने के आरोप में यह मुकदमा दर्ज किया गया है।
एचडी रेवन्ना के बेटे हैं सूरज रेवन्ना
सूरज रेवन्ना होलेनरासीपुरा से विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं। प्रज्ज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं से यौन उत्पीड़न का आरोप है और वह पुलिस हिरासत में हैं।
सूरज रेवन्ना के करीबी ने दर्ज कराई थी शिकायत
मामले में सूरज रेवन्ना के करीबी सहयोगी शिवकुमार ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर चेतन केएस और उनके बहनोई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। चेतन ने भी शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और सूरज रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया।
क्या है प्रज्ज्वल रेवन्ना से जुड़ा मामला?
इससे कुछ दिन पहले ही जेडीएस के पूर्व सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना को एक विशेष अदालत ने मंगलवार को 24 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। प्रज्ज्वल दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं। इसके पहले, अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने 12 जून को उन्हें 18 जून तक विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत में भेजा था, जो उनके खिलाफ मामलों की जांच कर रही है। प्रज्ज्वल हाल ही में लोकसभा चुनाव में हार के कारण हासन सीट बरकरार रखने में विफल रहे।