केरल जा रही बस से पुलिस ने तलाशी के दौरान पोलाची के पास एक शख्स से 15 लाख रुपये की अवैध नकदी जब्त की है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे आयकर विभाग को सौंप दिया है। बताया गया है कि वह नकदी के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका। आंशका जताई जा रही है कि नकदी हवाला कारोबार के लेनदेन से जुड़ी हो सकती है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात पोलाची के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक बस में यात्रियों की तलाशी ली गई, जिसमें उन्हें एक व्यक्ति के पास बिना वैध दस्तावेजों के नकदी मिली। पुलिस ने कहा कि उसकी पहचान पुदुकोट्टई के मोहम्मद अब्दुल्ला के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि उसे केरल के त्रिशूर में फैजल को सौंपने के लिए बशीर ने पैसे दिए थे। आयकर विभाग पकड़े व्यक्ति से पूरे मामले में पूछताछ कर रहा है।