पाकिस्तानी जवानों और प्रसिद्ध कव्वाली गायक अमजद साबरी की हत्या से जुड़े आतंकी संगठन लश्कर-ए-झांगवी के एक आतंकवादी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी दी।
आतंकी हाफिज कासिम रशीद को कराची काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) ने गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से कई हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए थे।
सीटीडी ने एक बयान में कहा, पाकिस्तानी अधिकारियों ने मंगलवार को हाफिज कासिम रशीद को गिरफ्तार कर लिया। वह 2016 में प्रसिद्ध कव्वाली गायक अमजद साबरी, मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट के नेता रजा हैदर और कई आर्मी रेंजर्स की हत्या में शामिल था।
सीटीडी द्वारा जारी बयान में जानकारी दी कि गिरफ्तार आतंकवादी ने एक ऑपरेशन में पकड़े जाने से पहले हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद अपनी आतंकी गतिविधियों को फिर से शुरू कर दिया था। जब संदिग्ध को वहां हिरासत में लिया गया था तो उसने जेल से अंदर भी एक नेटवर्क चलाया था। सीटीडी अधिकारी ने यह भी कहा कि रशीद अपने साथियों की मदद से जेल से चार रेंजर्स कर्मियों, दो सेना के जवानों और शिया समुदाय के चार सदस्यों की हत्या में भी शामिल था।