रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी समुद्री अपराधों के मुद्दों पर सीधी कार्रवाई करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की व्यवस्था के तहत एक विशेष ढांचा तैयार करने की बात कही। पुतिन ने यह बात समुद्री सुरक्षा पर हुई खुली बहस के दौरान कही। पुतिन ने कहा कि समुद्री डकैतियां और अपहरण बढ़े हैं क्योंकि कुछ देश अकेले बल पर इन अंतरराष्ट्रीय क्राइम सिंडिकेट, समुद्री लुटेरों और आतंकवादियों का मुकाबला कर पाने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यह ढांचा संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के समर्थन पर आधारित होनी चाहिए। इसमें सक्रिय रूप से विशेषज्ञों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और निजी क्षेत्र को शामिल किया जाना चाहिए। पुतिन ने कहा, 'हमें उम्मीद है कि हमारे सहयोगी रूस के प्रस्ताव पर रचनात्मक तरीके से विचार करेंगे।' उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि नियमित आधार पर समुद्री डकैतियों और अन्य समुद्री आपराधिक गतिविधियों का मुकाबला करने के अपने अनुभव और सबसे प्रभावी तरीकों को आपस में साझा करना उपयोगी होगा।
व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस संयुक्त राष्ट्र चार्टर में निहित अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रमुख मानदंडों और सिद्धांतों के सख्त पालन को बढ़ावा देता है। इनमें संप्रभुता के लिए सम्मान, आंतरिक मामलों में गैर-हस्तक्षेप और बातचीत के माध्यम से विवादों का निपटारा करना जैसे नियम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रूस हिंद महासागर रिम एसोसिएशन और हिंद महासागर आयोग के साथ उत्पादक सहयोग का निर्माण करना चाहता है।