पीएमओ के अनुसार इस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ कोरोना महामारी की स्थिति पर चर्चा की और इस संकट में भारत की मदद के लिए उनका धन्यवाद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बुधवार को फोन पर बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने कोरोना महामारी के दौरान उनकी तरफ से सहायता दिए जाने को लेकर उनका धन्यवाद किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी। पीएमओ के अनुसार इस बातचीत के दौरान हाल में भारत-यूरोपीय नेताओं की बैठक के सकारात्मक नतीजों पर दोनों नेताओं ने संतुष्टि व्यक्त की। इसके साथ ही, दोनों इस बात पर भी सहमत हुए कि संतुलित और व्यापक मुक्त व्यापार और भारत-यूरोपीय संघ कनेक्टिविटी के लिए वार्ता को फिर से शुरू करने की घोषणाएं स्वागत योग्य कदम हैं।
विज्ञापन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर राष्ट्रपति मैक्रों को कोविड-19 से स्थिति में सुधार के बाद भारत आने का न्योता दिया। मोदी ने पिछले दिनों यूरोपीय संघ के 27 देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ डिजीटल माध्यम से बैठक की थी।
वहीं इस बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने खुद ट्वीट करते हुए लिखा-मेरे प्यारे मित्र फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात हुई। मैंने उन्होंने कोरोना आपदा के दौरान फौरन सहायता को लेकर शुक्रिया अदा किया। इसके साथ ही, हमने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों समेत जलवायु क्षेत्र को लेकर आपसी सहयोग और हिंद-प्रशांत पर चर्चा की।