उत्साह के साथ मनाया पीएम मोदी का जन्मदिन
- फोटो : अमर उजाला
पीएम की लोकप्रियता में कमी नहीं
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रहे गोविंदाचार्य इस तर्क को सही नहीं मानते। उनका कहना है प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। बल्कि वे कहते हैं कि पहल, साहस और निर्णय लेने की क्षमता की वजह से दुनिया भर में उनकी लोकप्रियता है। टाइम मैगजीन ने उन्हें सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया है। उनके विरोधी भी मानते हैं कि वे प्रभावशाली प्रधानमंत्री हैं।
गोविंदाचार्य का कहना है, अटल जी का भी 25 दिसंबर को जन्मदिन बहुत धूमधाम से मनाया जाता रहा। कुछ लोग जन्मदिन मनाते हैं, कुछ लोग नहीं मनाते हैं। ज्यों-ज्यों संस्था की प्रोफाइल बढ़ रही है मीडिया का ध्यान इस ओर आ रहा है और बड़े नेताओं के जन्मदिन पर लोग उन्हें शुभकामनाएं और बधाई देते हैं। यदि भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बड़ा समारोह कर रही है तो इसे नकारात्मक बातों से जोड़ कर नहीं देखा जाना चाहिए।
समस्याओं को देखने का दृष्टिकोण अलग
संघ को करीब से समझने वाले वरिष्ठ पत्रकार अच्युतानंद मिश्र का मानना है जो लोग सार्वजनिक जीवन में हैं, बड़े पदों पर है, उनका जन्मदिन मनाने की अनुयायियों में एक परंपरा होती है। प्रधानमंत्री के रूप में वे कई सालों से हैं। मोदी नहीं चाहते होंगे कि उनका जन्मदिन इस तरह बड़े स्तर पर मनाया जाए लेकिन उनके सहयोगी चाहते होंगे। निश्चित तौर पर उनका जन्मदिन उनके अनुयायियों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है क्योंकि वे लोकप्रिय प्रधानमंत्री है।
मिश्र कहते हैं समस्याओं की ओर देखने का अलग दृष्टिकोण होता है। सकारात्मक ढंग से समस्या को देखने और उसका हल निकालना उनकी दृष्टि है। जिसमें सार्वजनिक हित और मानवाधिकार उनके निर्णयों में शामिल रहता है। इसका ध्यान अटल बिहारी वाजपेयी भी रखते थे, लेकिन अटल जी के पास बहुमत नहीं था इसलिए निर्णय लेने में उन्हें संकोच होता था लेकिन मोदी के पास बहुमत है इसलिए वे कठिन फैसले लेते हैं।
आम दिनों की तरह होगी पीएम दिनचर्या
बहरहाल प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि को यानी रात 12 बजे नमो ऐप पर एक वर्चुअल एक्जीबिशन चलाया जाएगा। यह एक्जीबिशन प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित होगी। ऐसी जानकारी है कि बेशक पार्टी और कार्यकर्ता उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाएंगे, प्रधानमंत्री अपने 71वें जन्मदिन पर आम दिनों की तरह व्यस्त दिनचर्या का पालन करेंगे और बिना किसी समारोह के इस दिन को आम दिन की तरह बिताएंगे।