प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गरीब परिवारों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन देने की शुरुआत के साथ ही यह तय कर दिया कि उत्तर प्रदेश चुनाव में विकास और गरीबी उन्मूलन ही एजेंडा रहेगा।
विज्ञापन
बलिया से आठ हजार करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का आगाज करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से पहले कई प्रधानमंत्री चुने गए इसके बावजूद पिछली सरकारों ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने गरीबों को नहीं बल्कि मतपेटियों को ध्यान में रखकर काम किया। कई वादे किए, कई नीतियां भी बनाईं। लेकिन ये योजनाएं गरीबों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार नहीं की गईं।
विज्ञापन
श्रमिक दिवस के मौके पर खुद को देश का मजदूर नंबर एक बताते हुए विश्व भर के मजदूरों से पूरी दुनिया को एकजुट करने का आह्वान किया। इससे पहले पीएम मोदी ने गरीब परिवारों की दस महिलाओं को अपने हाथों से मुफ्त गैस कनेक्शन सौंपे। उन्होंने कहा कि केंद्र में पहली बार ऐसी सरकार है जो गरीबों की जिंदगी बदलने का काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने भाषण की शुरुआत भोजपुरी में ‘भृगु बाबा की धरती पर रऊवा सबहन के प्रणाम बा...’ कहकर की। उन्होंने कहा कि महर्षि भृगु, शहीद मंगल पांडेय एवं चित्तू पांडेय, जयप्रकाश नारायण और चंद्रशेखर जैसे महापुरुषों की धरती को आज श्रमिक दिवस पर देश का नंबर वन मजदूर नमन करता है।
यूपी के आगामी चुनाव के लिए विकास और गरीबी उन्मूलन को बनाया एजेंडा
- फोटो : ani
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने गरीबी को बहुत करीब से देखा है। बचपन में मेरी मां चूल्हे पर खाना बनाती और मुझे खिलाती थी। इस परेशानी को करीब से महसूस करने की वजह से आज महिलाओं का दर्द बांटने मैं बलिया आया हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बलिया से उज्ज्वला योजना शुरू करने की वजह यहां गरीबों के पास प्रदेश के अन्य इलाकों की अपेक्षा कम गैस कनेक्शन होना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 30 लाख से अधिक श्रमिकों को 15, 50 या 100 रुपये मिलते थे, हमारी सरकार ने न्यूनतम पेंशन की रकम एक हजार रुपये कर दी। इस मौके पर सूक्ष्म, मध्यम एवं लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, सांसद भरत सिंह, हरिनरायन राजभर, रवींद्र कुशवाहा, प्रदेश सरकार के मंत्री रामगोविंद चौधरी आदि मौजूद रहे।
वोट बैंक की मजबूती के लिए बनती थी नीतियां
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘दुर्भाग्यवश हमारे देश की राजनीति ऐसी दिशा में चली गई थी जहां सिर्फ वोट बैंक को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जाती थीं।’ उन्होंने कहा, ध्यान इस बात पर होता था कि वोट बैंक मजबूत होना चाहिए चाहे गरीब, देश के नागरिक सशक्त हों या नहीं या देश मजबूत हो या नहीं।
अगले तीन साल में दिए जाएंगे पांच करोड़ कनेक्शन
पीएम ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत पहले एक साल में डेढ़ करोड़ और अगले तीन सालों में पांच करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। गैस की सब्सिडी का पैसा सीधे महिलाओं के खाते में भेजा जाएगा।
बनारस में चौपाल लगाकर सुनी मेहनतकशों के ‘मन की बात’
बलिया के बाद शाम को बनारस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजदूर दिवस पर केवल मजदूरों, मजलूमों और गरीबों की बात की। रिक्शेवालों के बीच समय बिताया। उनका दुख-दर्द बांटने की कोशिश की। पीएम ने पैडल रिक्शा चलाकर दो वक्त की रोटी का इंतजाम करने वालों को ई-रिक्शा दिए। उन्होंने डीरेका इंटर कॉलेज के मैदान पर पीएम ने 16 रिक्शेवालों को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी। यहां भारतीय माइक्रो क्रेडिट संस्था की ओर से लगे शिविर में एक हजार रिक्शेवालों को ई-रिक्शा दिया गया। पीएम ने इस अवसर दो योजनाओं की शुरुआत की। यहां डीरेका मैदान से उन्होंने ‘रिक्शा ऑन कॉल’ सेवा का आगाज किया।
अस्सीघाट पर 11 ई-बोट्स लांच
प्रधानमंत्री ने बनारस के अस्सीघाट पर सुधांशु मेहता फाउंडेशन की मदद से 11 निषादों को ईको फ्रेंडली नाव दी। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम गरीबों को गरीबी से लड़ने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की लंबी अवधि की योजना के अनुरूप है। सरकार चाहती है कि गरीब तरक्की करें जबकि पिछली सरकारों के दौरान ऐसा नहीं था। पिछड़े मछुआरों और नाविक समुदाय (केवट, निषाद, मछुआरा) तक पहुंचते हुए और उन्हें ‘भाइयों’ से संबोधित कर प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ‘गरीबों के लिए’ है।
दामोदर दास से मिलकर मुस्कुराए मोदी
डीरेका हेलीपैड पर अगवानी के लिए पहुंचे लोगों से पीएम ने खुद परिचय पूछा। लोग एक-एक कर अपना नाम बताते गए। जब दामोदर दास गुप्ता ने अपना परिचय दिया तो मोदी वहीं रुक गए और मुस्कुराकर कहा, मैं नरेंद्र दामोदर दास मोदी। पीएम का यह कहना भर था कि सभी के चेहरों पर मुस्कान दौड़ गई। अगवानी के लिए पहुंचे लोगों ने कहा कि मोदी जैसा सहज और सरल व्यक्तित्व कम ही देखने को मिलता है। उनसे मुलाकात ऊर्जा भरने वाली थी।