प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी यात्रा के दौरान विमान के अंदर की एक तस्वीर सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रही है। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री विमान की सीट पर बैठकर अपने समय का उपयोग फाइलें देखने में करते दिख रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'लंबी उड़ान में कागजात और फाइलों को देखने का अवसर मिल जाता है'। लेकिन क्या आपको पता है कि केवल नरेंद्र मोदी ही ऐसे पहले नेता नहीं हैं जो विमान के अंदर फाइलें और पेपर वर्क करते हैं। आपको बता दें कि भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और पहले उप प्रधानमंत्री सरदार पटेल भी अपनी लंबी विमान यात्रा के दौरान फाइल और पेपर वर्क निपटाते थे।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लाल बहादुर शास्त्री अपनी पत्नी के साथ बैठे हुए हैं और फाइलें पढ़ रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में सरदार पटेल भी अपने परिवार के साथ बैठे हुए हैं और फाइल पढ़ रहे हैं। वहीं इस तस्वीर पर लाल बहादुर शास्त्री के पोते समीप शास्त्री लिखते हैं, ‘मैं हमेशा दादा जी लाल बहादुर शास्त्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच समानताओं की बात करता हूं। दोनों नेताओं द्वारा हवाई यात्रा के दौरान भी समय का सदुपयोग एक मिसाल है।
ट्विटर यूजर्स ने भी दी अपनी प्रतिक्रिया
इसके अलावा पीएम मोदी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर साझा करते हुए कई ट्विटर यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। ट्विटर यूजर संजय भाटिया ने दोनों तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, ‘शास्त्री जी का समय याद आ गया। रुद्राभा मुखर्जी नाम से यूजर लिखते हैं, ‘हम खुशनसीब हैं कि नरेंद्र मोदी हमारे प्रधानमंत्री हैं। ये तस्वीर हमें दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की याद दिलाती है'।
कुछ ट्विटर यूजर्स ने पीएम मोदी की इस तस्वीर पर चुटकी भी ली
वहीं कई ट्विटर यूजर्स ने पीएम मोदी की इस तस्वीर पर चुटकी भी ली है। एक यूजर ने लिखा कि डॉक्टर मनमोहन सिंह को तस्वीरें लेने का समय नहीं मिलता था, लेकिन मोदी जी सुपरमैन हैं और यात्रा करते हुए भी तस्वीरें लेते हैं और इसे कुछ मीडिया के द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता है। बताइए दोस्तों क्या मैंने कुछ गलत कहा?’ इसके अलावा ट्विटर यूजर रचित सेठ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की भी फ्लाइट में काम करते हुए की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘आपके रिकॉर्ड के लिए बता दूं, लंबी यात्रा के दौरान फ्लाइट में काम करने वाले पहले प्रधानमंत्री नहीं हैं।’
पीएम मोदी का अमेरिका में स्वागत
बता दें कि पीएम मोदी का विशेष विमान वाशिंगटन डीसी के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर हल्की बारिश के बीच उतरा। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी विशेष विमान से छाता लेकर बाहर निकले और लोगों का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री के साथ विशेष विमान में एनएसए अजित डोभाल, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला समेत सरकार के उच्च अधिकारी भी पहुंचे हैं।
अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी की। उनके साथ रक्षा अधिकारी ब्रिगेडियर अनूप सिंघल, एयर कमोडोर अंजन भद्र, नौसेना कोमोडोर निर्भया बापना और अमेरिकी उप प्रबंधन और संसाधन मंत्री टीएच ब्रायन मैककॉन ने स्वागत किया।
कई कंपनियों के सीईओ समेत ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री से करेंगे मुलाकात
पीएम मोदी आज गुरुवार को पांच बड़ी कंपनियों- क्वालकॉम (Qualcomm), एडोब (Adobe), फर्स्ट सोलर, जनरल एटॉमिक्स और ब्लैकस्टोन के सीईओ से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह करीब 11 बजे (IST) विलार्ड होटल में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात करेंगे।