वैष्णो देवी में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ से हुई जानमाल की क्षति से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवदेना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना। हादसे पर पीएम ने एलजी मनोज सिन्हा, मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह व नित्यानंद रॉय से बात भी की।
माता वैष्णो देवी भवन में यह हादसा मची भगदड़ के कारण हुआ। इसमें 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हुए हैं। कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. गोपाल दत्त ने बताया कि इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। हताहतों की सही संख्या अभी पता नहीं है।
राहुल गांधी, अमित शाह ने भी जताया शोक
घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी शोक जताया है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई भगदड़ की दुर्घटना दुखद है। मृतकों के परिवारीजनों को मेरी शोक संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। इस संबंध में मैंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताते हुए लिखा कि माता वैष्णो देवी धाम में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। माँ आदिशक्ति हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्माओं को शांति व दुर्घटना में घायल हुए लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की कृपा करें। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। वहीं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। स्थानीय प्रशासन एवं भाजपा कार्यकर्ता राहत एवं बचाव कार्य में लगे हैं। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
पीएम ने की मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माता वैष्णो देवी भवन में हुए हादसे में मृतकों व घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को पीएम राहत कोष से दो लाख रुपये व घायलों के परिवारों को 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा।