झारखंड के देवघर में देवदूत बनकर 60 लोगों की जिंदगी बचाने वाले वायुसेना के जांबाजों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बातचीत की। इस दौरान मोदी ने कहा, आपके धैर्य ने ही इस मुश्किल अभियान में सफलता दिलाई। हम धन्य हैं कि देशवासियों को हर संकट से निकालने वाली सेना हमारे पास है। देश को अपने सुरक्षा बलों पर गर्व है।
वर्चुअल संवाद में मोदी ने कहा, वायुसेना, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और पुलिस के हमारे योद्धाओं ने तीन दिनों तक 24 घंटे कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ इस मुश्किल बचाव अभियान को सफल बनाया। आज पूरा देश आपको सलाम कर रहा है। मोदी ने कहा, देवघर का बचाव अभियान हमारे लिए सबक है। हमें इससे सीखना होगा कि आगे कैसे इस तरह की स्थिति से बचा जाए। इसके लिए आपके अनुभव हमारे लिए पहला पाठ होंगे।
तीन लोगों की मौत पर दुख भी जताया
पीएम मोदी ने बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों की मौत पर दुख भी जताया। उन्होंने कहा, हम उन्हें नहीं बचा पाए इसका बेहद दुख है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से कामना करता हूं कि जो लोग घायल हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं।
बाबा वैद्यनाथ जी की कृपा
मोदी ने कहा, यह हमारे युवाओं का साहस और बाबा वैद्यनाथ जी की कृपा थी जो इस अभियान को पूरा कर 60 जिंदगियां बचाई जा सकीं। मोदी ने कहा, यह संवेदनशीलता, विवेक, बहादुरी का उत्कृष्ट उदाहरण था। सबका प्रयास ने इसे सफल बनाया।
मुश्किल घड़ी में धैर्य सबसे बड़ा हथियार
मोदी ने कहा, जब हम मुश्किल घड़ी में फंसते हैं तब सभी चुनौतियों से निपटने के लिए धैर्य सबसे बड़ा हथियार है। हम जितना धैर्य दिखाएंगे, सफलता उतनी ही निश्चित होगी। आप सभी ने बचाव अभियान के दौरान जो धैर्य दिखाया वह सराहनीय है।
शाह ने भी दीं शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बचाव कार्य में शामिल सभी जवानों को शुभकामनाएं दी और शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा, यह बेहद मुश्किल अभियान था और जिस तरह से सेना, वायुसेना, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, जिला प्रशासन ने एकजुट होकर लोगों की जिंदगियां बचाईं वह सराहनीय है। आपने बेहद सीमित समय के अंदर कम से कम नुकसान के साथ इस अभियान को पूरा किया है। आप सभी को बधाई।
दरअसल, देवघर में त्रिकुट पहाड़ियों पर रविवार को रोप-वे की ट्रॉलियां टकराने के कारण हादसा हो गया था। इसके बाद 60 से अधिक पर्यटक 46 घंटे से अधिक समय तक केबल कारों में फंसे रहे थे। पर्यटकों को बचाने के लिए भारतीय वायुसेना, सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन के संयुक्त दलों ने अभियान चलाया था। हादसे में तीन लोगों की मौत भी हो गई थी।
Watch Live: PM Narendra Modi interacts with personnel of IAF, Indian Army, NDRF, ITBP, local administration and civil society who were involved with rescue operations at Deoghar. https://youtu.be/uV6Ta1bRa5Y
View attached media content
- Prasar Bharati News Services (@pbns_india) 13 Apr 2022