कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूपी के लोगों के लिए यह जानना जरूरी है कि कैसे हमारी अर्बन प्लानिंग राजनीति कर शिकार हो जाती है। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए घर बनाने का पैसा केंद्र सरकार दे रही थी। बावजूद इसके 2017 से पहले जो सरकार थी वो गरीबों के लिए घर बनवाना ही नहीं चाहती थी। पहले जो यहां सरकार में थे, उनसे घर बनवाने के लिए मिन्नतें करनी पड़ती थीं। 2017 में पीएम आवास योजना के तहत 18 हजार घरों की स्वीकृति दी गई। लेकिन उस सरकार ने इस योजना के तहत 18 घर भी नहीं बना कर दिए। पैसा था, स्वीकृति थी, लेकिन जो यूपी को चला रहे थे, वो योजना में लगातार अड़ंगा डाल रहे थे।
लखनऊ दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाते-जाते अयोध्या और पीएम आवास पाने वाले नौ लाख लाभार्थियों के बीच स्पर्धा का होमवर्क दे दिया। पीएम मोदी ने कहा कि सुना है इस बाद दीपावली में अयोध्या में 7.5 लाख दीए का कार्यक्रम हो रहा है। मैं यूपी को कहता हूं कि रोशनी के लिए स्पर्धा की जाए। देखें अयोध्या में ज्यादा रोशनी जलती है या जो 9 लाख घर दिए गए हैं उनमें 18 लाख दीए जलाकर ज्यादा रोशनी होती है। जो 9 लाख घर हैं, उनमें दो-दो दीए जलेंगे तो गरीबों के घर में 18 लाख दीए हो जाएंगे।
पीएम मोदी बोले कि कुछ महानुभाव कहते हैं कि मोदी ने किया क्या है? तो आज मैं कुछ ऐसी बात बताना चाहता हूं कि मेरे विरोधी ये भाषण सुनने के बाद चौंक जाएंगे। मैं बताना चाहता हूं कि जिनके पास पक्की छत नहीं है। ऐसे तीन करोड़ परिवारों को इस कार्यकाल में एक ही योजना से लखपति बनने का अवसर मिल रहा है। तीन करोड़ गरीब परिवारों का लखपति बनना ये अपने आप में बहुत बड़ी चीज है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जो गरीबों के लिए जो घर बने हैं। आप उनकी कीमत का अंदाजा लगा लीजिए। हमने गरीबों का सबसे बड़ा सपना पूरा किया है।