प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, सरकार की नीतियों व योजनाओं का 100 फीसदी लाभार्थियों तक पहुंचना ही भेदभाव और तुष्टिकरण की राजनीति का अंत है। भरूच में बृहस्पतिवार को चार कल्याणकारी योजनाओं के 100 फीसदी कवरेज पर आयोजित उत्कर्ष समारोह को पीएम मोदी ने वीडियो लिंक से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से भी बात की।
मोदी ने कहा, अक्सर सूचना के अभाव में सरकारी योजनाएं या तो सिर्फ कागज पर रह जाती हैं या बेहद कम लोग ही उसका लाभ उठा पाते हैं। अंतिम लाभार्थी तक नीतियों को पहुंचाना हालांकि मुश्किल काम है, लेकिन जनता की सेवा का यही अंतिम रास्ता है। इससे लाभ पाने के लिए सिफारिशों की जरूरत भी खत्म हो जाती है, क्योंकि हर व्यक्ति को यह भरोसा होता है कि अंतत: उसे लाभ मिलेगा। चूंकि एक एक व्यक्ति को लाभ मिल चुका होता है, इसमें तुष्टिकरण की राजनीति के लिए भी कोई गुंजाइश नहीं रह जाती।
दृष्टिबाधित आयूब पटेल की बेटी की बात सुन भावुक हो गए पीएम
लाभार्थियों से संवाद के दौरान दृष्टिबाधित आयूब पटेल की बेटी से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भावुक हो गए। आयूब की बड़ी बेटी आलिया ने कहा, उससे अपने पिता की दशा नहीं देखी जाती इसलिए वह डॉक्टर बनना चाहती है। इतना कहने के बाद वह रोने लगी जिसे देखकर पीएम मोदी भावुक हो गए। मोदी ने आयुब पटेल से कहा, आप अपनी तीनों बेटियों की इच्छा पूरी करिये। कोई मुश्किल आए तो मुझे बताना। मोदी ने दो विधवाओं मीना राथवा और अरुणा वसावा से भी बात की। दोनों ने मुश्किल समय में वित्तीय मदद के लिए सरकार का शुक्रिया अदा किया।
सपना पूरा किए बगैर रुकूंगा नहीं
मोदी ने कहा, मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद आठ वर्ष से हमारी सरकार सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का पूरा प्रयास कर रही है। 100 फीसदी कवरेज सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार कितनी संवेदनशील है और जनता का ख्याल रखती है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर देश के 100 फीसदी लाभार्थियों तक पहुंचने का मेरा एक सपना है और इसे हासिल किए बगैर मैं रुकूंगा नहीं।
आधी आबादी के पास नहीं थे शौचालय, बैंक खाते
मोदी ने कहा, 2014 में जब केंद्र में एनडीए सरकार बनी और मैंने कुर्सी संभाली तब देश की आधी आबादी के पास शौचालय, बिजली और बैंक खाते नहीं थे। बड़ी आबादी को टीके उपलब्ध नहीं थे। बीते आठ वर्षों में सरकार ने कई योजनाओं में 100 फीसदी कवरेज का लक्ष्य हासिल किया है।
आइए मिलकर जरूरतमंदों को हक दिलाएं
पीएम ने आह्वान किया, एक बार फिर हम सभी को जरूरतमंदों तक पहुंचने और उनका हक दिलाने की जरूरत है। यह एक मुश्किल काम है और कई राजनेता ऐसा करने से दूर रहते हैं, लेकिन मैं यहां लोगों की सेवा करने के लिए आया हूं राजनीति करने नहीं।
2014 से पहले सीमित था योजनाओं का दायरा
मोदी ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, 2014 से पहले देश में लागू की गई सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का सीमित कवरेज और प्रभाव था। 2014 के बाद एनडीए सरकार ने इन योजनाओं को विस्तार दिया। अब करीब 50 करोड़ जनता 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा ले रही है। करोड़ों लोगों को जीवन बीमा मिला, बुजुर्गों को पेंशन मिली।
100 विधवाओं ने मोदी को भेंट की राखी
भरूच की 100 विधवाओं ने इस मौके पर पीएम मोदी को एक विशाल राखी भेंट की। पीएम मोदी ने इसके लिए उन सबका आभार जताया।
भरूच में 13 हजार लोगों को मिला चार योजनाओं का लाभ
भरूच जिला प्रशासन ने विधवाओं, बुजुर्गों ओर बेसहारा नागरिकों को वित्तीय मदद देने के लिए चार प्रमुख योजनाएं शुरू की थीं। 13 हजार लाभार्थी चिह्नित किये जिन्हें इन चार योजनाओं के तहत लाभ पहुंचाया गया।