भारतीय पहलवान विनेश फोगट को पेरिस ओलंपिक से अयोग्य घोषित किए जाने के मामले में खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने लोकसभा को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज विनेश का वजन 50 किलो 100 ग्राम पाया गया और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारतीय ओलंपिक संघ ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। आईओए अध्यक्ष पीटी उषा पेरिस में हैं। प्रधानमंत्री ने उनसे बात की और उन्हें आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। सरकार ने उन्हें निजी स्टाफ सहित हर सुविधा प्रदान की है।
आईओए को जरूरी कार्रवाई के लिए कहा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश फोगाट के प्रतियोगिता से बाहर किए जाने के मामले में भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) को जरूरी कार्रवाई के लिए कहा है। आईओए की प्रमुख पीटी ऊषा पेरिस में ही हैं और प्रधानमंत्री ने उनसे खुद बात की है। प्रधानमंत्री ने पीटी ऊषा को कहा है कि वह इस मामले में उचित कार्रवाई करें।
70 लाख 45 हजार 775 रुपये की सहायता दी गई
मंडाविया ने कहा कि सरकार ने विनेश फोगाट को सभी प्रकार की खेल सुविधाएं और हर स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराए हैं। विनेश के लिए विशेष स्टाफ नियुक्त किए गए, जो अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं। उनके साथ हंगरी के विख्यात कोच वोलर आकोस और फीजियो अश्विनी पाटिल हमेशा रहते हैं। विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों के लिए दी गई वित्तीय सहायता के अलावा उन्हें रीहैब (स्वास्थ्य लाभ) प्रक्रिया के तहत आवश्यक उपकरण खरीदने के लिए भी सहायता प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि विनेश को पेरिस ओलंपिक के लिए कुल 70,45,775 रुपये की सहायता दी गई है, जिनमें टार्गेट ओलंपिक पोडियम स्कीम में 53,35,746 रुपये और वार्षिक ट्रेनिंग-स्पर्धा कैलेंडर में करीब 17.10 लाख रुपये शामिल हैं। इससे पहले 2020 के टोक्यो ओलंपिक में भी उन्हें 1,13,98,224 रुपये की सहायता दी गई थी।
क्या है मामला?
विनेश को महिलाओं की 50 किलो कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाए जाने के कारण बुधवार को ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया । विनेश ने ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा था। सुबह तक उनका कम से कम रजत पदक पक्का लग रहा था, लेकिन अब वह बिना किसी पदक के लौटेंगी।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने विनेश फोगाट को हौसला देते हुए कहा कि वह भारत का गौरव हैं और उन्हें मजबूती से वापसी करनी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'विनेश आप चैंपियनों की चैंपियन हो। आप भारत का गौरव हो और हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हो। आज के झटके से दुख पहुंचा है। काश मैं शब्दों में बता पाता कि इस समय कितना मायूस हूं, लेकिन मुझे पता है कि आप फिर वापसी करोगी। चुनौतियों का डटकर सामना करना आपके स्वभाव में है। मजबूती से वापसी करो। हम सभी आपके साथ हैं।