फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस भड़की: कहा- राहुल गांधी की भी जासूसी कराई गई, लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हुआ

Mon, 19 Jul 2021 05:30 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार ने राहुल गांधी समेत अपने खुद मंत्रियों की फोन टैपिंग करवाई है।
विज्ञापन
रणदीप सुरजेवाला - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस ने जासूसी कांड को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार ने राहुल गांधी समेत अपने खुद के मंत्रियों की फोन टैपिंग करवाई है। यह देशद्रोह का मामला है इसलिए गृहमंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए।

विज्ञापन


रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टैपिंगजीवी जी, राजनीतिक विरोधियों के साथ-साथ अब पत्रकार, जज, उद्योगपति, खुद के वरिष्ठतम मंत्री और यहां तक की आरएसएस की लीडरशिप को भी नहीं बख्शा, आपने तो। ठीक ही कहा-अबकी बार, जासूस सरकार! पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि यह मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है और इसकी स्वतंत्र रूप से जांच होनी चाहिए।

भाजपा का पूरा नाम भारतीय जासूस पार्टी होना चाहिए: सुरजेवाला
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इस कांड के बाद भारतीय जनता पार्टी का नाम बदलकर अब भारतीय जासूस पार्टी रख देना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश के लोग अब ये कह रहे हैं कि अबकी बार देशद्रही जासूस सरकार। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ये डिजिटल इंडिया नहीं बल्कि सर्विलांस इंडिया है। 
विज्ञापन


लोगों के मौलिक अधिकारों पर हमला करने की कोशिश: सुरजेवाला  
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि खुद मोदी सरकार संविधान की धज्जियां उड़ा रही है और कानून के शासन पर हमला बोल रही है। लोगों के मौलिक अधिकारों पर हमला करने की भी कोशिश की जा रही है। 



जासूसी में पीएम और गृहमंत्री शामिल: खड़गे
पेगासस रिपोर्ट पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि राहुल गांधी, पत्रकारों और यहां तक कि केंद्रीय मंत्रियों सहित विपक्षी नेताओं की जासूसी करने में पीएम और गृहमंत्री शामिल हैं। जांच से पहले अमित शाह साहब को इस्तीफा दे देना चाहिए और मोदी साहब के खिलाफ जांच होनी चाहिए।

संसद में उठाएंगे मुद्दा: चौधरी
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी का कहना है कि वह डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देते हैं लेकिन आज हम देख रहे हैं कि यह सर्विलांस इंडिया है। एनएसओ कह रहा है कि उसके उत्पादों का उपयोग सरकार द्वारा विशेष रूप से अपराध और आतंक से लड़ने के लिए किया जाता है। लेकिन वे मोदी के खिलाफ बोलने वालों के खिलाफ पेगासस का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इस मुद्दे को (पेगासस प्रोजेक्ट रिपोर्ट) अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर मंगलवार को संसद में प्रमुखता से उठाएंगे।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी किया कटाक्ष
पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस मामले को लेकर कटाक्ष भी किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि हम जानते हैं कि वह आपके फोन में सबकुछ पढ़ रहे हैं। 

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह मुद्दा लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि अगर यह सही है तो मोदी सरकार ने निजता के अधिकार पर भयावह हमला शुरू कर दिया है। यह लोकतंत्र का अपमान है और हमारी स्वतंत्रता पर भी इसके कई दुष्प्रभाव हैं। 

क्या है मामला
गौरतलब है कि मीडिया संस्थानों के अंतरराष्ट्रीय संगठन ने खुलासा किया है कि केवल सरकारी एजेंसियों को ही बेचे जाने वाले इजराइल के जासूसी साफ्टवेयर के जरिए भारत के दो केन्द्रीय मंत्रियों, 40 से अधिक पत्रकारों, विपक्ष के तीन नेताओं और एक न्यायाधीश सहित बड़ी संख्या में कारोबारियों और अधिकार कार्यकर्ताओं के 300 से अधिक मोबाइल नंबर, हो सकता है कि हैक किए गए हों।

यह रिपोर्ट रविवार को सामने आई है। सरकार ने अपने स्तर पर खास लोगों की निगरानी संबंधी आरोपों को खारिज किया है। सरकार ने कहा कि इसका कोई ठोस आधार नहीं है या इससे जुड़ी कोई सच्चाई नहीं है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें