अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में कांग्रेस की संलिप्तता के आरोपों को पुष्ट करते हुए रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने रविवार को कहा कि वीवीआईपी हैलीकॉप्टर सौदे से जुड़े सभी लोगों को सेवानिवृत्ति के बाद 'अच्छे पद' दिए गए।
उन्होंने कहा कि कई लोगों के अगस्ता के साथ संबंध थे, मैं यह नहीं कह रहा कि यह सभी गैरकानूनी थे। लेकिन अगस्ता के खरीद और आपूर्ति से जुड़े कुछ लोगों को बाद में अच्छे पद दिए गए।
उन्होंने कहा कि उस वक्त ये लोग सत्ता के नजदीक थे। यह पसंदीदा लोग थे। इसलिए जाहिर है कि सौदा पक्का करने के लिए उन्हें ये जगह दी गईं। यह एक अप्रत्यक्ष सबूत है।
तीन हजार छह सौ करोड़ रुपये के वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को कथित रक्षा बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल के भारतीय संपर्कों और पैसे के स्रोतों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। यह जानकारी मनी लांड्रिंग की जांच के सिलसिले में मिशेल के ड्राइवर से पूछताछ में सामने आई है।
अधिकारियों ने बताया कि मिशेल के ड्राइवर नारायण बहादुर से पिछले कुछ दिनों में ईडी ने लंबी पूछताछ की। नारायण ने ब्रिटिश नागरिक मिशेल के संपर्कों के बारे में बेहद महत्वपूर्ण जानकारी का खुलासा किया है। ईडी हैलीकॉप्टर सौदे को प्रभावित करने के लिए दी गई रिश्वत की जांच कर रहा है।
अधिकारियों ने दावा किया है कि ड्राइवर को हाल के कुछ दिनों तक वैश्विक फंड ट्रांसफर सेवाओं के जरिये पैसा मिल रहा था। इस लेनदेन से जांचकर्ताओं को मिशेल की ताजा स्थिति और गतिविधियों की जानकारी हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है। मिशेल को गिरफ्तार करने के लिए ईडी और सीबीआई दोनों ने ही इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस हासिल किया है।
सूत्रों के मुताबिक, ड्राइवर बहादुर बीते चार साल से मिशेल के बेहद नजदीक था। वह उसे भारत यात्रा के दौरान कहीं भी लाता, ले जाता था। आम तौर पर बहादुर मिशेल को मध्य दिल्ली के उसके होटल से विभिन्न भारतीयों और विदेशियों से मुलाकात के लिए लुटियंस दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली ले जाता था।
पीएसी करेगी अगस्ता वेस्टलैंड मामले की जांच
वरिष्ठ कांग्रेस नेता केवी थॉमस के नेतृत्व में इसी सप्ताह पुनर्गठित की गई लोक लेखा समिति (पीएसी) के अगस्ता वेस्टलैंड मामले की जांच करने की उम्मीद है।
पिछली पीएसी का कार्यकाल 30 अप्रैल को समाप्त हो गया था।
यह पीएसी टूजी घोटाले, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की गैर-निष्पादित संपत्तियों के मामले की भी जांच करेगी।