सरकार ने बताया है कि 1995 से 2021 के दौरान हजारों अंग प्रत्यारोपण हुए, लेकिन इनमें से 80 फीसदी ट्रांसप्लांट पुरुषों पर हुए। सरकार ने बताया कि बीते 26 साल में कुल 36,640 प्रत्यारोपण हुए। इनमें मृत्यु के बाद और जीवित रहते अंगदान दोनों तरह के डोनर शामिल हैं।
संसद में एक सवाल के जवाब में सरकार ने देश में अंगदान से जुड़े अहम आंकड़े साझा किए। सरकार ने बताया कि 26 साल में 36,640 लोगों के ऑपरेशन ऑर्गन ट्रांसप्लांट के लिए किए गए। 1995 से 2021 की अवधि में कुल 36640 अंग प्रत्यारोपण में 80 फीसदी से अधिक पुरुषों के ऑपरेशन किए गए। सरकार के मुताबिक सरकार लैंगिक असमानता को दूर करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने बताया, अंगदान का महिला-पुरुष अनुपात 4:1 है। 1995 से 2021 के बीच 29,695 पुरुषों ने ऑर्गन ट्रांसप्लांट कराए, जबकि 6,945 महिलाओं ने अंगदान संबंधी इलाज कराए।
विज्ञापन
अंग प्रत्यारोपण कराने वाली महिलाओं की संख्या 2019 में 27.6 प्रतिशत थी। 2022 में संख्या बढ़कर लगभग 30 प्रतिशत हो गई। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सांसद कुरुवा गोरंटला माधव के सवाल पर केंद्र सरकार की तरफ से स्वास्थ्य राज्यमंत्री बघेल ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम लागू किया है। इसके तहत अंग दान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अंग प्रत्यारोपण में लैंगिक असमानता दूर करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय देशभर में नियमित जागरूकता और संवेदीकरण सत्र भी आयोजित कर रहा है।