भाजपा नेता नितेश राणे ने पूर्व सीएम उद्धव और शिवसेना नेताओं को आतंकियों के साथ कथित करीबी को लेकर भी कठघरे में खड़ा किया है। इस पर ही पलटवार करते हुए संजय राउत ने कहा कि यदि जांच करना चाहे हैं तो करते रहिए।
भाजपा नेता नितेश राणे ने पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और शिवसेना नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि यह सब राजनीति है।
विज्ञापन
हर जगह बरस रही एसआईटी
राउत ने पत्रकारों से कहा, 'आप एसआईटी का गठन कर सकते हैं। एसआईटी हर जगह बरस रही है। आपने हमारे द्वारा बनाई गई एसआईटी को खारिज कर दिया। उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में हमने इससे भी गंभीर मुद्दों पर तीन एसआईटी का गठन किया था। उसे रद्द कर दिया। यह एक राजनीति है। बस राजनीति चल रही है। नासिक में ड्रग माफिया ललित पाटिल का दो कैबिनेट मंत्रियों के साथ सीधा संबंध है। यह उस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश है।'
उन्होंने कहा, 'यदि आप जांच करना चाहते हैं, तो करते रहिए, हम जांच नहीं रोक रहे हैं। लेकिन, पहले ललित पाटिल और दो कैबिनेट मंत्रियों के बीच धन के आदान-प्रदान की जांच के लिए एसआईटी का गठन करें। अगर पहले से ही एसआईटी का गठन कर दिया है तो उनके त्याग पत्र सामने लाएं।'
विज्ञापन
यह है मामला
गौरतलब है, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर गंभीर आरोप लगे हैं। भाजपा नेता नितेश राणे ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि उनके पास एक पार्टी की वीडियो है, जिस पर गहन जांच किए जाने की जरूरत है। राणे ने पूर्व सीएम उद्धव और शिवसेना नेताओं को आतंकियों के साथ कथित करीबी को लेकर भी कठघरे में खड़ा किया। राणे का आरोप है कि 1993 बम ब्लास्ट के आरोपी दाऊद इब्राहिम के करीबी पार्टनर सलीम कुट्टा के साथ सुधाकर बडगुजर कथित तौर पर पार्टी कर रहे थे। इस पार्टी के फोटो और वीडियो साक्ष्य सदन के नेता को सौंप दिया है।
वहीं, नितेश राणे ने तत्काल प्रभाव से सुधाकर बडगुजर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा था कि सुधाकर बडगुजर का इन लोगों के साथ क्या लिंक हैं? इसकी जांच की जानी चाहिए। इस मामले में सुधाकर बडगुजर के राजनीतिक आका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि हमारी तमाम मांगें सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एसआईजी जांच का एलान किया और जल्द ही अब जांच शुरू हो जाएगी।