अमेरिका की एक कंपनी द्वारा बनाए गए जूते-चप्पलों पर 'ओम' का निशान और नाम छपने से भारतीयों की भावनाओं को गहरी ठेस लगी है। कनाडा में तो इस पर बवाल मच गया। भारतीयों के संगठन 'इंटरनेशनल हिंदू फाउंडेशन' ने दूसरे कई समुदायों को साथ लेकर विरोध प्रकट किया। 'इंटरनेशनल हिंदू फाउंडेशन' के दबाव के चलते अमेरिकी कंपनी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। कंपनी की तरफ से कहा गया कि वह अमेरिका और कनाडा में ऐसे जितने भी उत्पाद हैं, जिन पर 'ओम' नाम व चिन्ह छपा है, उन्हें बाजार से हटा रही है। ऑनलाइन स्टोर के जरिए भी ऐसे आइटम नहीं बिकेंगे। कंपनी ने अपने सभी स्टोर से कहा है कि इस तरह के सभी उत्पादों को बिक्री लाइन से हटा दिया जाए।
कनाडा में 'इंटरनेशनल हिंदू फाउंडेशन' के पदाधिकारी गोपाल सैनी ने मोबाइल फोन पर हुई बातचीत में कहा, परिधान तैयार करने वाली अमेरिकी कंपनी वूनैज (काल्पनिक नाम), के स्टोर कनाडा में भी खुले हुए हैं। साथ ही कंपनी के पास बड़ा ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफार्म भी है। पांच छह दिन पहले कंपनी से चप्पल और जूते खरीदे थे। जैसे ही उन्होंने पैकिंग कवर हटाया तो वे हैरान रह गए। चप्पलों पर भारतीयों की आस्था का प्रतीक 'ओम' नाम लिखा हुआ था। इतना ही नहीं, 'ओम' का चिन्ह भी छपा था। कनाडा में पंजाब और हरियाणा के लोगों की अच्छी खासी तादाद है। सोशल मीडिया के जरिए इस मुद्दे को आगे पहुंचाया गया।
मूल रूप से रोहतक 'हरियाणा' के निवासी गोपाल सैनी के मुताबिक, सिख समुदाय, जैन और दूसरे समुदायों के ऐसे लोग जो सर्वधर्म में विश्वास रखते हैं, वे साथ आ गए। सभी का एक स्वर में कहना था कि अमेरिकी कंपनी ने भारतीयों, खासतौर पर हिंदू धर्म को मानने वाले लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
फाउंडेशन के दूसरे पदाधिकारी राजेश चुघ, बिनय और अरविंद का कहना था कि कनाडा में सभी धर्मों के लोग प्यार प्रेम एवं भाईचारे की भावना के साथ रहते हैं। कंपनी की एक छोटी गलती बड़ा बवाल मचवा सकती थी। समय रहते इस घटना को लेकर कंपनी से सख्त लहजे में बातचीत की गई। मामला शांतिपूर्वक तरीके से निपट गया।
कंपनी को नोटिस भेजा
सैनी ने बताया कि कंपनी को लिखित नोटिस दे दिया गया। शुरु में तो कंपनी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब 'इंटरनेशनल हिंदू फाउंडेशन' के बैनर तले मामले को उठाया गया तो कंपनी दबाव में आ गई। अमेरिका में भी अनेक लोगों तक यह खबर पहुंच चुकी थी। इस बाबत विरोध प्रदर्शन भी किया गया।
स्टोर मैनेजर ने यह कहा
स्टोर के मैनेजर ने ईमेल के जरिए सूचित किया है कि 'ओम' नाम वाले सभी जूते चप्पल की सप्लाई वापस ले ली गई है। अब किसी भी स्टोर पर और ऑनलाइन माध्यम से की जाने वाली खरीद के दौरान यह उत्पाद नहीं मिलेगा। बाकायदा अमेरिका और कनाडा के सभी स्टोर को ऐसे आइटम बिना किसी देरी के 'सेल' से बाहर करने के निर्देश जारी किए गए हैं।