ओडिशा के संबलपुर से महिला के साथ छेड़खानी और बिना उसकी जानकारी के फोटो खींचने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं आरोपी ने महिला के फोटो का गलत इस्तेमाल करते हुए उसे यूट्यूब पर भी अपलोड कर दिया, जिसके बाद महिला की शिकायत पर ओडिशा पुलिस की साइबर सेल ने संबलपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
फोटो की बनाई वीडियो, लगाया अश्लील वाइस ओवर
महिला का आरोप है कि युवक ने उसकी कई फोटो का वीडियो बनाकर उसे यूट्यूब पर अपलोड कर दिया। इस वीडियो के बैकग्राउंड में अश्लील वाइस ओवर लगाया गया। महिला को जब इसका पता चला तो वह हैरान रह गई, जिसके बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस में की।
आंगनवाड़ी में काम करती है महिला
पुलिस का कहना है कि महिला आंगनवाड़ी वर्कर है। 17 सितंबर को उसकी ओर से एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके तहत महिला का वीडियो किसी ने यूट्यूब पर अपलोड किया था। शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू की और वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
यूट्यूब से हटवाई वीडियो
महिला की ओर से इस तरह के वीडियो को अपलोड किए जाने की शिकायत के बाद पुलिस सतर्क हो गई। उसने यू्ट्यूब के अधिकारियों से बात करके वीडियो को हटवाया।