सरकार की सहयोगी पार्टी शिवसेना और अकाली दल ने नोटबंदी के कदम पर सवाल उठाने के बाद संसद में सरकार का साथ देने का निर्णय लिया है। संसद सत्र की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए हुई राजग नेताओं की बैठक में सरकार के सभी सहयोगी दलों ने नोटबंदी के मामले पर सरकार के साथ एकजुटता दिखाई है। तो पीएम मोदी ने भी सहयोगी दलों को आश्वस्त किया है कि नोटबंदी का श्रेय उनको नहीं बल्कि उन सभी दलों को जाएगा जोकि फैसले पर सरकार के साथ खड़े हैं।
संसद में विपक्ष के हमलों को तार-तार करने के लिए सरकार की रणनीति नोटबंदी का विरोध कर रहे सियासी दलों को कालाधन और कालाबाजारी वालों के हमदर्द के रूप में पेश करने की है। सरकार की ओर से नोटबंदी के कदम को कालाधन के खिलाफ बडे़ अभियान के रूप में पेश किया जाएगा। एनडीए के बैठक में प्रधानमंत्री बोले, नोटबंदी पर देश की जनता सरकार के साथ है। विपक्ष के दबाव में झुकेंगे नहीं।