2000 रुपये के नए नोट मंगलवार से कुछ एटीएम मशीनों में उपलब्ध होंगे। वहीं 8 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषणा कर अमान्य करार दिए गए 1000 और 500 रुपये के नोट अगले 10 दिनों तक सरकारी अस्पतालों, प्राइवेट नर्सिंग होम, पेट्रोल स्टेशन के साथ बिल और टोल के रूप में स्वीकार किए जाएंगे।
1. आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने सोमवार को नोटबंदी पर सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोस्ट ऑफिसों में कैश की सप्लाई को बढ़ाया जा रहा है और स्पेशल टीम एटीएम मशीनों को रिकैलिब्रेट करने के लिए काम कर रही है। इसके बाद रिकैलिब्रेट की गई मशीनों से 2000 और 500 रुपये के नए नोट निकाले जा सकेंगे।
2. सरकार ने प्रतिदिन के हिसाब से एटीएम से निकाले जाने की राशि को 2000 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया गया है।
3. केंद्र सरकार ने एक्सचेंज लिमिट को 4000 रुपये से बढ़ाकर 4500 कर दिया गया है। बैंकों से साप्ताहिक निकासी की राशि सीमा बढ़ाकर 24 हजार करने को कहा गया है।
4. शक्तिकांत दास ने कहा कि पूरे देश में अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में नई माइक्रो एटीएम मशीनें लगाई जाएंगी। सरकार तीन महीने पुराने चालू खाते से निकासी राशि की सीमा बढ़ाकर 50 हजार रुपये प्रति सप्ताह बढ़ाएगी।
5. सरकार की ओर से यह घोषणा रविवार की रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक के बाद सोमवार को की गई। प्रधानमंत्री ने बैठक में नोटबैन की समीक्षा की।
'संकट में 70 साल की लूट'
पूर्वांचल के गाजीपुर में नरेंद्र मोदी
- फोटो : ANI
6. यूपी के गाजीपुर में सोमवार को एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, '500 और 1000 रुपये के नोट को कागज के टुकड़े बनाकर मैंने आर्थिक असमानता को मिटा दिया है। मैं आपकी परेशानियों को कम करने के पूरी कोशिश कर रहा हूं।' पीएम ने कहा कि मैं केवल 50 दिन मांग रहा हूं, जबकि कांग्रेस ने 19 महीने के लिए देश को जेल बना दिया था।
7. रविवार को अपनी रैलियों में प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश ने उनको भ्रष्टाचार मिटाने के लिए चुना है और वो सबकुछ करने को तैयार हैं, जिससे भ्रष्टाचार को खत्म कर सके। उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि मेरी लड़ाई किससे हैं, वे मुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे.. वे मुझे बर्बाद कर देंगे क्योंकि उनकी 70 साल की लूट संकट में है, लेकिन मैं तैयार हूं।' वित्त मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा कि नोटबैन के बाद बैंकों ने पहले चार दिनों में 3 ट्रिलियन रुपये (44.4 बिलियन डॉलर) स्वीकार किए हैं।
8. पिछले सप्ताह से बैंकों और एटीएम के सामने हजारों लोगों की भीड़ पैसा निकालने के लिए उमड़ रही है। पैसा बदलने की अंतिम तारीख 30 दिसंबर है। हालांकि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने लोगों अपील करते हुए कहा कि जरूरत के हिसाब से ही पैसा निकालें।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए अलग लाइन
- फोटो : amarujala
9. दास ने कहा कि कई सारी एटीएम मशीनों को 2000 रुपये के नोट के लिए रिकैलिब्रेट किया जाना है। अगले कुछ दिनों में इस काम तेजी आएगी और जल्द ही एटीएम से 2000 रुपये के नए नोट निकाले जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि बैंकों और एटीएम के बाहर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए अलग लाइन बनाने के लिए कहा गया है।
10. विपक्ष पार्टियों ने नोटबैन के खिलाफ एकजुटता दिखाई है। अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आम जनता को सड़क पर ला दिया है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल, कांग्रेस और अन्य पार्टियों से सोमवार को बैठक कर बुधवार से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र के लिए रणनीति बनाएंगी।