फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन में पूर्व पीएम के पोते ने रचाई शादी, भीड़ जुटने पर हुआ विवाद

Fri, 17 Apr 2020 11:55 AM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू
विज्ञापन
शादी के बंधन में बंधे निखिल कुमारस्वामी और रेवती - फोटो : PTI
विज्ञापन

कोरोना वायरस संकट के बीच कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के नेता एचडी कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी शुक्रवार को शादी के बंधन में बंध गए हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं।

विज्ञापन


निखिल ने कांग्रेस के पूर्व आवासीय मंत्री एम कृष्णप्पा की भतीजी रेवती से शादी की है। बंगलूरू में स्थित कुमारस्वामी के आवास पर गुरुवार से ही शादी की रस्में शुरू हो गई थीं।
 

 
विज्ञापन


निखिल और रेवती की शादी में केवल निकट पारिवारिक सदस्य मौजूद रहे और शादी काफी सादगी से हुई। दोनों परिवारों ने रामनगर के जनपडा लोक के पास एक भव्य शादी समारोह करने का फैसला किया था और उसकी तैयारियां जोरों से चल रही थीं। हालांकि कोरोना वायरस की वजह से इसे टालना पड़ा।

पहले निखिल की शादी रामनगर के पास 95 एकड़ भूमि पर करने की योजना बनाई गई थी जिसमें पार्टी के लाखों कार्यकर्ता और शुभचिंतकों को शामिल होना था। उसके बाद बंगलूरू में भव्य रिसेप्शन आयोजित होना था। निखिल ने कुछ कन्नड़ फिल्मों में अभिनय किया है।

वहीं, शादी समारोह में लॉकडाउन और सामाजिक दूरी का पालन न करने को लेकर कुमारस्वामी पर निशाना साधा जा रहा है। दूसरी तरफ, कुमारस्वामी ने दावा किया है कि केवल 60 से 70 लोगों ने शादी समारोह में भाग लिया। जबकि कर्नाटक पुलिस ने कहा है कि 42 वाहनों और 120 लोगों के लिए पास दिए गए। 

जारी हुई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि शादी समारोह में भाग लेने वाले लोग एक-दूसरे के करीब खड़े हैं और सामाजिक दूरी के नियम की अवहेलना कर रहे हैं। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री अश्वथ नारायण ने कहा है कि अगर शादी में दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया है तो पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी तरफ, निखिल कुमारस्वामी की शादी की एक झलक पाने के लिए शुक्रवार को हजारों लोगों की भीड़ उनके फॉर्म हाउस पर पहुंच गई। कोविड-19 के प्रकोप के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन के नियमों की जमकर अवहेलना की गई। भाजपा ने कुमारस्वामी पर आरोप लगाया कि जेडीएस नेता के परिवार ने केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों की अनदेखी करते हुए मानदंडों की धज्जियां उड़ा दीं।

रामनगर भाजपा अध्यक्ष एम रुद्रेश ने आरोप लगाया कि हमारे पास यह जानकारी है कि कम से कम 150 से 200 वाहनों को कार्यक्रम में आने की अनुमति दी गई थी। यह तब हुआ जब सामाजिक कार्यकर्ता जो बुरी तरह से प्रभावित गरीब लोगों की सेवा करना चाहते हैं, उन्हें अपने वाहन चलाने की अनुमति नहीं मिल रही है। 

उन्होंने कहा कि रामनगर फिलहाल ग्रीन जोन में है और कोरोना वायरस से सुरक्षित है। लेकिन अगर यह बीमारी यहां फैलती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी देवेगौड़ा परिवार की होगी। वहीं, जेडीएस एमएलसी टीए श्रवणना ने इन आरोप को खारिज किया है कहा है कि शादी में लॉकडाउन के नियमों का पालन किया गया। 

कौन हैं निखिल कुमारस्वामी? 
निखिल कुमारस्वामी भारतीय अभिनेता और राजनेता हैं। उन्होंने कन्नड़ और तेलुगु फिल्म उद्योगों में अभिनय किया है। उन्होंने कन्नड़-तेलुगु द्विभाषी फिल्म जगुआर (2016) से अपने अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद उनकी साल 2019 में दूसरी फिल्म 'सीतारामा कल्याणा' रिलीज हुई। 

निखिल ने पेरियार विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की है। निखिल कुमारस्वामी कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के बेटे और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के पोते हैं। निखिल ने 2019 लोकसभा चुनाव में कर्नाटक की मांड्या सीट से जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। 
विज्ञापन


मांड्या को कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के लिए एक सुरक्षित गढ़ माना जाता था क्योंकि ऐतिहासिक रूप से कांग्रेस यहां से सबसे सफल पार्टी थी। निखिल स्वर्गीय नेता अंबरीश की पत्नी सुमालता से 1,28,876 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें