भारत-पाक रिश्तों में आई खटास के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कहा है कि सरकार को अब भी उम्मीद है कि पठानकोट हमले से जुड़े सबूतों को इकट्ठा करने राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एक टीम जल्द पड़ोसी देश जाएगी। गृह राज्य मंत्री ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि एनआईए की एक टीम जल्द पाकिस्तान का दौरा करेगी।’
पाकिस्तान के उच्चयुक्त अब्दुल बासित ने पिछले पखवाड़े संकेत दिए थे कि पठानकोट हमले की जांच के सिलसिले में भारतीय जांचकर्ताओं को पाकिस्तान यात्रा की इजाजत नहीं दी जा सकती।
हालांकि, इस पर भारत ने कहा था कि पाकिस्तानी जांच टीम के आने से पहले दोनों देशों में सहमति बनी थी कि दोनों की जांच टीमें एक-दूसरे देश का दौरा करेंगी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान अपने वादे से मुकर गया है।