फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअपः माल्या के खिलाफ गैरजमानती वारंट, कोहिनूर पर सरकार का हलफनामा

Mon, 18 Apr 2016 07:26 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
900 करोड़ रुपए की मनी लांड्रिग के आरोप में विजय माल्या के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। मुंबई के एक विशेष अदालत ने सोमवार को यह वारंट जारी किया।
विज्ञापन


प्रवर्तन निदेशालय की अर्जी पर विशेष जज पीआर भावे ने माल्या के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया। इसके अलावा भी माल्या की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं क्‍योंकि इंटरपोल ने उनके खिलाफ रेड कॉर्नर अलर्ट जारी कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, विशेष अदालत की ओर से जब गैर जमानती वारंट जारी किया जा रहा था तब माल्या की कंपनी किंगफिशर ने अदालत से गुहार लगाई की उनके खिलाफ कोई सख्त आदेश न दिया जाए, लेकिन अदालत ने कंपनी की अपील ठुकराते हुए माल्या के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया।
विज्ञापन


इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने अदालत को यह भी बताया कि माल्या ने आईडीबीआई बैंक से लिया गया 430 करोड़ रुपए का लोन विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए इस्तेमाल किया।

SC में बोली मोदी सरकार, 'कोहिनूर चोरी नहीं हुआ, अंग्रेजों को तोहफे में दिया'

supreme court of india
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दिए हलफनामे में कहा है ‌कि कोहिनूर हीरा चोरी नहीं हुआ था, बल्‍कि पंजाब के महाराजा रणजीत सिंह ने अंग्रेजों को तोहफे में दिया था। केंद्र ने ये जवाब सुप्रीम कोर्ट के उस सवाल के जवाब में दिया है, जिसमें उसने कोहिनूर के मसले पर सरकार की राय मांगी थी। 

माना जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट में दिया गया मोदी सरकार का हलफनामा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राय के विपरीत है। सर्वोच्च अदालत में कोहिनूर को भारत वापस लाने के संबंध में पीआईएल दाखिल की गई है। ऑल इंडिया ह्यूमन राइट्स एंड सोशल जस्टिस फ्रंट की ओर से दायर याचिका में मांग की गई है कि सुप्रीम कोर्ट यूनाइटेड किंगडम के उच्चायुक्त को ये आदेश दे कि वो तमाम अन्य खजानों के साथ कोहिनूर को भाारत को वापस करे। 

पीआईएल में विदेश मंत्रालय, यूके के उच्चायुक्त, पाकिस्तान और बांग्लादेश को पार्टी बनाया गया है। जिन खजानों को वापस करने की मांग की गई है, उनमें टीपू सुल्तान की अंगूठी, बहादुर शाह जफर, झांसी की रानी आदि के कई आभूषण शामिल हैं। 

फिर विवादों में पंकजा मुंडे, सूखे से जूझ रहे लातूर में ले रही थीं सेल्फी

भाजपा की हाई प्रोफाइल नेता पंकजा मुंडे एक बार विवादों से घिर गई हैं। रविवार को उन्होंने लातूर के सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था और मंजारा नदी में हो रही सफाई के कामकाज की समीक्षा की। इसी बीच सोशल मीडिया में वो उन सेल्‍फियों के चलते विवादों में आ गई, जिन्हें उन्होंने खुद ही ‌ट्विटर पर पोस्ट किया था। 

महाराष्ट्र सरकार की ग्रामीण विकास व जल सरंक्षण मंत्री पंकजा मुडे ने रविवार को लातूर दौरे की कई तस्वीरें ट्विटर पर पोस्ट कीं, उनमें कई सेल्फी भी थीं। ट्विटर पर मुंडे पर आरोप लगाया गया ‌कि उन्होंने पानी की कमी से जूझ रहे लातूर में भी फोटो खींचने का मौका नहीं छोड़ा। 

एनसीपी नेता मजीद मेनन ने कहा कि नेताओं के ऐसे व्यवहार से उन पर भरोसा कम होता है। कांग्रेस नेता‌ प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मुंडे का रवैया महाराष्ट्र सरकार की संवेदनहीनता का उदाहरण हैं। 

महिला अधिकार कार्यकर्ता आभा सिंह ने कहा कि मुंडे का दौरा आपदा पर्यटन का नमूना है। राजद प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि पंकजा मुंडे को समस्या की गंभीरता का अंदाज ही नहीं है। 

भारतीय रेलवे पर 300 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का आरोप, होगी जांच

रेलवे भर्ती में नहीं होगा अब इंटरव्यू - फोटो : pti
अपनी कुछ सेवाओं पर लगभग 300 करोड़ रुपये की कथित सेवा कर चोरी को लेकर भारतीय रेल राजस्व अधिकारियों की जांच के दायरे में आ गई है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि रेलवे को अपनी सभी 16 जोन से होने वाली आय का ब्यौरा देने को कहा गया है। 

इनमें मुख्य रूप से तत्काल, टिकट रद करने और बिस्तरबंद शुल्क से होने वाली आय शामिल है। कहा गया कि केंद्रीय राजस्व अधिकारियों ने रेलवे द्वारा दिए जाने वाले सेवा कर के विवरण की मांग की है।

सूत्रों के मुताबिक, ऐसा देखा गया कि रेलवे और इसके जोन तत्काल, टिकट रद करने और बिस्तरबंद शुल्कों के संबंध में अपने सेवा कर दायित्वों का निर्वाह नहीं कर रही हैं। इस मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है और आवश्यक विवरणों को मंगाया गया है। वहीं रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि जो भी सेवा कर रेलवे द्वारा लिया जाता है वह वित्त मंत्रालय के निर्देशानुसार है।

उन्होंने कहा कि अन्य सेवा कर मामलों पर रेलवे प्रशासन और सेवा कर प्राधिकरण के बीच विचार-विमर्श जारी है। एक जिम्मेदार सरकारी विभाग होने के नाते, रेलवे सरकारी कायदों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व अधिकारियों ने कहा कि हालांकि रेलवे ग्राहकों से तत्काल, टिकट रद करने और बिस्तरबंद शुल्क पर सेवा कर ले रहा था फिर भी रेलवे ने इसे विभाग को प्रेषित नहीं किया। रेलवे द्वारा की गई कथित सेवा कर चोरी की राशि 300 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कांग्रेस के 40-45 सांसदों के आगे ही BJP ने घुटने टेक दिएः  सचिन पायलट

स‌चिन पायलट
युवा कांग्रेस नेता और पार्टी की राजस्‍थान इकाई के अध्यक्ष सचिन पायलट ने दावा किया है कि 2018 में राजस्‍थान में कांग्रेस एक बार फिर सरकार बनाएगी। अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बीजेपी टकराव की राजन‌ीति कर रही है। 2019 का लोकसभा चुनाव नारों का नहीं कामों का होगा। जनता को काम गिनाने होंगे, सरकार का मूल्यांकन लोग कामकाज से ही करेंगे। 

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में गैर भाजपा नेताओं की सेंधमारी की जा रही है। राज्यों की गैर भाजपा सरकारों को गिराया जा रहा है। राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर सचिन पायलट ने माना कि उन्हें पार्टी की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण समेत किसानों के मुद्दे पर संसद में कांग्रेस के 40-45 सांसदों के आगे भाजपा ने घुटने टेक दिए। सचिन ने कहा कि 2019 में बीजेपी को कांग्रेस ही कड़ी टक्‍कर देगी, हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि लोकसभा चुनावों कांग्रेस किसी पार्टी से गठबंधन करेगी या नहीं। 

उन्होंने कहा कि जब सरकार छोड़कर गए थे तो 138 डॉलर प्रतिबैरल कच्चे तेल का दाम था और कांग्रेस की सरकार पेट्रोल 70 रुपए लीटर में देती थी। आज वो 32 डॉलर प्रति बैरल हो गया, सरकार पेट्रोल दे रही है 65 रुपए में। बीच का पैसा कहां जा रहा है, ये नहीं पता चल रहा है। 100 डॉलर प्रतिबैरल दाम कम होने के हिसाब से पेट्रोल का दाम 17 रुपए प्रति लीटर होना चाहिए।

भारत की चाहत ‘सबसे खूबसूरत महिला’ बनने की: चीनी मीडिया

चीन के सरकारी मीडिया ने एक बार फिर अमे‌रिका के साथ भारत के एक समझौते को लेकर उसकी आलोचना की है। चीनी मीडिया ने अमेरिका के साथ साजो सामान विनिमय के समझौते पर हस्ताक्षर करने के भारत के निर्णय पर हमला बोला है। 

चीनी अखबार ग्‍लोबल टाइम्‍स ने लिखा कि दोनों देशों के बीच अविश्वास के कारण प्रस्तावित समझौता रुका हुआ है, क्योंकि भारत की चाहत ‘सबसे खूबसूरत महिला’ बनने की है जिसे सभी खासकर अमेरिका और चीन अपनी ओर लुभाएं। यह लेख ऐसे समय में सामने आया है जब भारत के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने चीनी अधिकारियों के साथ वार्ता के लिए चीन की अपनी पहली यात्रा शुरू की है।

ऐसे में सरकारी समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स ने एक लेख में कहा कि उनके पारंपरिक अविश्वास के बावजूद भारत अमेरिका के गठबंधन की अटकलें लगाना महाशक्तियों के बीच झूलने वाले देश की भूमिका निभाने की भारत की महत्वाकांक्षा को स्पष्ट रूप से कम करके आंकना है।

अमेरिका के रक्षा मंत्री एश्टन कार्टर ने पिछले सप्ताह भारत की तीन दिवसीय यात्रा में घोषणा की थी कि वह और उनके भारतीय समकक्ष ने इस मामले में सैद्धांतिक सहमति जताई है कि लॉजिस्टिक सपोर्ट समझौते (एलएसए) संबंधी सभी मसलों को सुलझा लिया गया है। 

जिम्नास्ट दीपा ने रचा इतिहास, रियो ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

deepa karmakar - फोटो : deepa karmakar
त्रिपुरा की जिमनास्ट दीपा करमाकर ने रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इसके साथ ही वह रियो ओलंपिक में क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला जिमनास्ट बन गई हैं।

22 वर्षीय दीपा 52.698 अंक के साथ रियो ओलंपिक में जगह बनाने में कामयाब रहीं। अपने पहले इवेंट में दीपा ने प्रोडुनोवा वाल्ट में 15.066 अंक हासिल किए जो इस इवेंट में हिस्सा ले रही 14 प्रतिभागियों में सबसे अधिक था। हालांकि, अन्य इवेंट में उनका प्रदर्शन बेहतर नहीं होने की वजह से उन्हें नीचे से दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। प्रोदुनोवा वाल्ट को महिला आर्टिस्टिक जिमनास्टिक में सबसे कठिन इवेंट माना जाता है।

दीपा ने बीम और फ्लोर अभ्यास में 13.366 और 12.566 अंक हासिल किए जिसकी वजह से वह ओलंपिक में जगह बनाने में कामयाब रहीं। पिछले साल नवंबर में विश्व जिमनास्टिक प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाने की वजह से दीपा ओलंपिक के लिए क्वालीफाईंग अंक हासिल नहीं कर पाई थीं लेकिन इस बार उन्होंने अपने हाथ से मौका जाने नहीं दिया।

गोपाल राय की नहीं माने विजय गोयल, तोड़ा नियम, कटवाया चालान

विजय गोयल के घर फूल लेकर उन्हें मनाने पहुंचे गोपाल राय - फोटो : ani
दिल्ली में ऑड-ईवन नियम दोबारा शुरू हुआ तो विरोध करने के ल‌िए भाजपा नेता विजय गोयल ने नियम तोड़कर कुल 3500 रुपए का चालान भरा। उनका कहना है कि केजरीवाल सरकार इस नियम की आड़ में ‌जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा विज्ञापनों पर खर्च कर रही है।

बता दें ‌क‌ि इससे पहले गोयल के व‌िरोध को देखते हुए आज दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय उन्हें समझाने उनके घर गुलाब के फूल लेकर पहुंचे थे। गोपाल राय ने उन्हें समझाया कि जिस योजना को पूरी दिल्ली का सपोर्ट है उसे आप क्यों तोड़ना चाहते हैं।

गोपाल राय ने विजय गोयल को समझाया कि इस नियम से दिल्ली की जनता काफी खुश है तो वो इस नियम को ना तोड़ें। इस पर विजय गोयल बोले कि नहीं जब तक आप अपने विज्ञापनों को होर्डिंग नहीं हटा लेते और फाइन की रकम 2000 से कम नहीं करते मैं सांकेतिक रूप से इस नियम को तोड़ूंगा और चालान भी कटवाऊंगा।
विज्ञापन

हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराए गए रणदीप हुड्डा, ऑपरेशन आज

रणदीप हुड्डा इन दिनों अपनी फिल्म 'सरबजीत' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में उनकी एक्टिंग की हर तरफ तारीफ हो रही है। दूसरी तरफ उनकी सेहत भी बेहद खराब है। रणदीप काफी समय से अपेंडिक्स की परेशानी से जूझ रहे हैं, वो कई बार तेज दर्द झेल चुके हैं। रणदीप इन दिनों सलमान खान के साथ 'सुल्तान' की शूटिंग में लगे हैं। 

सुल्तान की दिल्ली में चल रही शूटिंग के दौरान अभिनेता रणदीप हुड्डा रविवार शाम बेहोश हो गए। रणदीप को रविवार देर शाम शूटिंग के दौरान अपेंडिक्स का दर्द उठा और वो बेहोश हो गए। इसके बाद देर तक वो दर्द से तड़पते रहे। उनको दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुल्तान की प्रवक्ता की ओर से दिए बयान में बताया गया, "रणदीप इस समस्या से काफी समय से जूझ रहे थे और कुछ दिनों से परेशान भी थे लेकिन शूटिंग शेड्यूल के कारण वो इसे नजरअंदाज कर रहे थे।" इस फिल्म में सलमान के कोच की भूमिका निभा रहे रणदीप शॉट की तैयारी कर रहे थे जब उन्हें दर्द उठा और फिर वो बेहोश हो गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें