कर्नाटक के बंगलूरू स्थित रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब अचानक दोपहर एक बजे कैफे के भीतर जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में कई लोग घायल हो गए थे। इस बीच, पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए इसे आईईडी ब्लास्ट बताया था। घटना में जांच कर रही एनआईए ने संदिग्ध से जुड़ा एक वीडियो जारी किया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में एनआईए ने नागरिकों से व्यक्ति की पहचान के लिए मदद मांगी है।
एनआईए ने जारी किया संदिग्ध का वीडियो
सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए एनआईए ने कुछ नंबर जारी किए हैं। यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिले तो वह एनआईए को ईमेल भी कर सकता है।
हमलावर की धरपकड़ के लिए नकद इनाम की घोषणा
गौरतलब है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को मुख्य आरोपी की धरपकड़ के लिए नकद इनाम की घोषणा की है। बंगलूरू के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में फरार आरोपी की पहचान बताने वाले को 10 लाख रुपये देने का एलान किया है। इस बीच, कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि घटना से संबंधित कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस घटना को सुलझाने के करीब पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को पिछले दो दिनों में कुछ अहम सुराग मिले है। परमेश्वर ने कहा कि हमारे अधिकारी मामले को सुलझाने के करीब पहुंच रहे हैं। हालांकि मामले के संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।