राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने आंध्र प्रदेश सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस एक इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम में छिपाकर कैमरे लगाने की रिपोर्ट मिलने के बाद जारी किया गया है। आयोग ने कहा कि अधिकारियों से दो हफ्ते के भीतर जवाब की उम्मीद है।
आयोग ने आज एक बयान में कहा कि उसने कर्नाटक सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को भी नोटिस जारी किया है, क्योंकि हाल ही में बंगलुरू के एक रेस्तरां के वॉशरूम में भी छिपाकर कैमरे लगाने की रिपोर्ट सामने आई थी।
एनएचआरसी ने मीडिया में आई उन खबरों के आधार पर संज्ञान लिया है, जिनमें कहा गया है कि आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम में छिपे हुए कैमरे की मदद से 300 से ज्यादा फोटो और वीडियो लिए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया, जब कुछ छात्राओं को ये कैमरे मिले और उन्होंने हंगामा किया। पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है।
आयोग ने कहा कि अगर मीडिया में आ रहीं खबरें सहीं हैं, तो यह मानवाधिकार के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इस तरह की घटनाएं संकेत देती हैं कि संबंधित अधिकारियों ने महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल प्रदान नहीं किया, जो एक चिंता का विषय है। आयोग ने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों को नोटिस जारी किया है। इसमें पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी की स्थिति और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी गई है।