फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: त्रिपुरा में यूट्यूब चैनल का मालिक गिरफ्तार; सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन

Mon, 21 Oct 2024 11:21 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पश्चिम त्रिपुरा पुलिस ने यूट्यूब चैनल 'त्रिपुरा न्यूज 8' के मालिक राजेश त्रिपुरा को जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी शुक्रवार की रात को तुईचकमा इलाके में हुई। राजेश पर आरोप है कि उन्होंने जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर नई दिल्ली में विश्व शिक्षा मिशन के निदेशक हिमांग्शु पांचाल को लगभग 9 करोड़ रुपये का चूना लगाया। पांचाल ने पिछले साल जुलाई में शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद पश्चिम अगरतला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। पांचाल ने अपनी शिकायत में कहा था कि उत्तम साहा, देबाशीष चक्रवर्ती, सुब्रत आचार्य, राजेश त्रिपुरा, बिप्लब शर्मा और खैजर देबबर्मा ने जाली दस्तावेज तैयार कर उन्हें 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन का एक टुकड़ा बेचा था।

विज्ञापन

लद्दाख की मांगों पर सरकार तीन दिसंबर से करेगी बातचीत
गृह मंत्रालय की ओर से तीन दिसंबर को लद्दाख की मांगों पर बातचीत शुरू करने का आश्वासन मिलने के बाद जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त कर दिया। छह अक्तूबर से दिल्ली के लद्दाख भवन पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक से सोमवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के संयुक्त सचिव प्रशांत लोखंडे ने मुलाकात की। अधिकारियों ने उन्हें गृह मंत्रालय का पत्र सौंपा। इसमें कहा गया कि लद्दाख के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के लिए बनी मंत्रालय की उच्चाधिकार प्राप्त समिति की अगली बैठक तीन दिसंबर को होगी। इसके बाद वांगचुक और उनके समर्थकों ने अनशन खत्म करने का फैसला किया।

बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में भाजपा की अर्चना पाटिल समेत 70 अन्य को राहत
महाराष्ट्र के लातूर जिले की सत्र अदालत ने बैंक धोखाधड़ी मामले में भाजपा नेता अर्चना पाटिल और 70 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निचली अदालत के आदेश पर रोक लगा दी है। हालांकि, उदगीर ग्रामीण पुलिस ने दावा किया कि सत्र अदालत का आदेश शनिवार शाम को उनके पास पहुंचा और उन्होंने दोपहर में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। उदगीर ग्रामीण पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक राजकुमार पुजारी ने बताया कि फिलहाल एफआईआर को स्थगित कर दिया गया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता शिवराज पाटिल की बहू अर्चना पाटिल और 70 अन्य पर 2014 से 2019 के बीच उदगीर में लाइफ केयर अस्पताल के कर्मचारियों के पैन और आधार का दुरुपयोग करके लगभग 10 करोड़ रुपये का बैंक ऋण लेने का आरोप है। वहीं, एक आरोपी ने एफआईआर दर्ज करने को सत्र न्यायालय के आदेश का उल्लंघन बताया है।

उड़ान के तहत संचालित किए जा रहे 601 मार्ग और 71 हवाईअड्डे: नागरिक उड्डयन मंत्रालय
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को कहा कि आठ साल पहले शुरू की गई क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना उड़ान के तहत 601 मार्गों और 71 हवाई अड्डों का संचालन किया जा रहा है। उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना का उद्देश्य क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ाना और उड़ान को अधिक किफायती बनाना है। मंत्रालय के एक अधिकारी बताया ने हेलीकॉप्टर मार्गों सहित 601 मार्गों का संचालन किया गया है, और इनमें से लगभग 28 प्रतिशत मार्ग दूरस्थ स्थानों के लिए हैं। कुल 86 हवाई अड्डों में 71 हवाई अड्डे, 13 हेलीपोर्ट और 2 जल हवाई अड्डे शामिल हैं। इन्हें चालू कर दिए गया है। इसके जरिये 2.8 लाख से अधिक उड़ानों को संचालित किया गया इनसे 1.44 करोड़ से अधिक यात्रियों की यात्रा की सुविधा मिली है। गौरतलब है कि उड़ान योजना 21 अक्तूबर, 2016 को शुरू की गई थी।

विमानन नियामक द्वारा की जा रही बम की धमकियों की जांच: नागरिक उड्डयन मंत्रालय
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के संयुक्त सचिव असंगबा चुबा एओ ने हवाई अड्डों पर लगातार मिल रही बम की धमकियों पर कहा कि यह एक ऐसी चीज है, जिसकी जांच विमानन नियामक द्वारा की जा रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसे गंभीरता से लिया है। इसका समाधान निकालने की दिशा में काम किया जा रहा है। 
 

सीएनजी 4-6 रुपये तक हो सकती है महंगी
सरकार ने खुदरा विक्रेताओं को घरेलू स्तर पर उत्पादित सस्ती प्राकृतिक गैस की आपूर्ति में 20 प्रतिशत की कटौती कर दी है। इससे सीएनजी की कीमत 4-6 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ सकती है। हालांकि, खुदरा विक्रेताओं की सरकार से उत्पाद शुल्क में कटौती के लिए बातचीत चल रही है।

अब कर्नाटक में ट्रेन पलटाने की साजिश
देश में ट्रेनों को पलटाने की साजिशें थम नहीं रहीं। ताजा मामला कर्नाटक के मंगलूरू में सामने आया है। उल्लाल के पास ट्रैक पर रखे पत्थरों और बजरी से केरल जाने वाली ट्रेन टकरा गई। गनीमत रही कि ट्रेन बेपटरी नहीं हुई। पुलिस ने इसे ट्रेन संचालन में व्यवधान पैदा करने की हरकत बताया है। मामले की जांच जारी है।

असम में छह करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
असम के कामरूप जिले में छह करोड़ रुपये की 637 ग्राम हेरोइन की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसे पड़ोसी मणिपुर के कांगपोकपी जिले से एक ट्रक में लाया गया था और ट्रक के चालक ने किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात एसटीएफ (विशेष कार्य बल) की एक टीम ने अमीनगांव इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान एक एसयूवी में हेरोइन के 49 डिब्बे मिले और उन्हें जब्त कर लिया गया।

असम : शोक समारोह में नाश्ता करने के बाद 200 लोग बीमार
असम के गोलाघाट जिले में एक शोक समारोह के दौरान नाश्ता करने के बाद करीब 200 लोगों की तबीयत खराब हो गई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि भोजन विषाक्तता के कारण इनकी तबीयत बिगड़ी। 53 लोगों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, बाकी लोगों को घर पर ही निगरानी में रखा जा रहा है। घटना शनिवार रात को पासघोरिया गांव निवासी प्रदीप गोगोई की मां के श्रद्धांजलि समारोह के दौरान हुई। पुलिस ने नाश्ते का नमूना लेकर जांच शुरू कर दी है।

शादी के लिए कहा तो पूर्व प्रेमी ने किशोरी को जिंदा जलाया
आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में 16 साल की लड़की को उसके पूर्व प्रेमी ने बार-बार शादी की मांग करने पर आग के हवाले कर दिया। रविवार को अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मैदुकुर उप-विभागीय पुलिस अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपी जे विग्नेश पर बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पर लिखा घटना पर दुख जताया और मामले की सुनवाई विशेष अदालत में जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया।

मणिपुर में दो फार्महाउस में आगजनी, हथियार बरामद
मणिपुर के अशांत जिरीबाम जिले में शनिवार देर रात एक ग्राम प्रधान के दो खाली फार्महाउस आग के हवाले कर दिए गए। उधर, थौबल जिले में तलाशी अभियान के दौरान बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फार्महाउस में आगजनी की घटना नुंगखल इलाके में हुई। ये दोनों फार्महाउस हिलघाट ग्राम पंचायत के प्रधान एल सोमोरेंड्रो के थे। माना जा रहा है कि संदिग्ध उग्रवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया।

मौके पर पहुंचे सुरक्षा बल घटना की जांच कर रहे हैं। इस पहले, शनिवार को ही दिन में संदिग्ध उग्रवादियों ने जिरीबाम जिले में ही एक थाने पर धावा बोला था और दो गांव में भी हथियारों से हमला किया था। उधर, थौबल जिले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद जब्त किए हैं। यह बरामदगी शनिवार को एसटीएनबीए गेट के पास आयरन हिल में तलाशी अभियान के दौरान हुई। सुरक्षाबलों ने एक नौ एमएम पिस्तौल, चार हथगोले, एक डेटोनेटर और 12 कारतूस बरामद किए गए।

झारखंड- रिम्स में हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

झारखंड की राजधानी रांची में मौजूद रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) परिसर में एक जूनियर डॉक्टर की अपनी महिला मित्र के साथ हॉस्टल नंबर 4 की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। महिला की हालत गंभीर है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, जांच के बाद ही सब कुछ पता चलेगा। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

भाजपा एमएलसी ने पद से दिया इस्तीफा
कर्नाटक में चन्नापटना विधानसभा उपचुनाव से पहले भाजपा एमएलसी सीपी योगेश्वर ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधान परिषद के अध्यक्ष बसवराज होरत्ती को इस्तीफा सौंपा।
 

 

गुजरात में 2.14 करोड़ की मेफेड्रोन जब्त, 4 तस्कर पकड़े 
गुजरात के सूरत और भरूच जिले में पुलिस ने 2.14 करोड़ रुपये की दो किलो से अधिक मेफेड्रोन (ड्रग्स) और 427 किलो संदिग्ध ड्रग्स जब्त की है। वहीं तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना पर सूरत के वेलांजा गांव के पास एक वाहन से 2 किलो अधिक एमडी के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। भरूच में एक फैक्टरी से 427 किलो संदिग्ध ड्रग्स बरामद की और इसके साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। ड्रग्स की पहचान के लिए इसका नमूना प्रयोगशाला भिजवा दिया गया है। केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

देश में 10 परमाणु रिएक्टर पर चल रहा काम: जयराम रमेश
नई दिल्ली। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संबंधी संसद की स्थायी समिति को सोमवार को बताया गया कि देश में कम से कम 10 परमाणु रिएक्टर स्थापित करने का काम चल रहा है। गुजरात के काकरापार में दो रिएक्टरों ने बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि गुजरात, राजस्थान और हरियाणा में स्थापित होने वाले नए परमाणु रिएक्टर 700 मेगावाट के हैं और अगले कुछ वर्षों में काम करना शुरू कर देंगे। यह जानकारी विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी संसद की स्थायी समिति के सदस्यों को एक बैठक के दौरान साझा की गई। समिति के सदस्य और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि गुजरात में काकरापार-3 और काकरापार -4 परमाणु रिएक्टर ग्रिड के साथ पूरी तरह से जुड़ गए हैं और व्यावसायिक तौर पर बिजली पैदा कर रहे हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह बड़ी उपलब्धि है क्योंकि ये स्वदेशी डिजाइन किए गए 700 मेगावाट के रिएक्टर हैं जिन्हें 2007 में मंजूरी दी गई थी। निर्माण 2010 में शुरू हो गया था। 

केरल में विमान में बम की झूठी धमकी देने वाला यात्री पकड़ा 
केरल के कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान में बम की धमकी देने के आरोप में एक यात्री को  हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर में विस्तारा के विमान को बम की धमकी मिली थी। आरोपी मुंबई जा रहा था। उसने कहा कि वह एक बम लेकर जा रहा है। हालांकि,जांच में कहीं कुछ भी सदिग्ध नहीं मिला और बाद में धमकी को झूठी करार दे दिया गया। हिरासत में लिए गए यात्री की पहचान विजय मंधायन के रूप में हुई। उसे कोच्चि से विमान में सवार होना था। धमकी के कारण विमान को रवाना होने में लगभग आधे घंटे से अधिक का समय लग गया और यह शाम 4:19 बजे रवाना हुआ। नेदुंबसेरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ओडिशा सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का तीन फीसदी डीए बढ़ाया
दिवाली से पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की। डीए एक जुलाई 2024 से प्रभावी होगा और यह 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया। वहीं सरकार ने पेंशनभोगियों के लिए तीन प्रतिशत महंगाई राहत बढ़ा दी है। इसका समायोजन अक्तूबर की पेंशन में होगा। इस निर्णय से लगभग 7.5 लाख राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ होगा।

विज्ञापन

भाजपा ने बनाए 10 करोड़ सदस्य
भाजपा के सदस्यता अभियान ने सोमवार को बड़ी उपलब्धि हासिल की। भाजपा की सदस्य संख्या 10 करोड़ पर पहुंच गई। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा के लिए पार्टी मुख्यालय में हुई एक बैठक में बताया कि पार्टी सदस्यों में 61 फीसदी की उम्र 35 वर्ष से कम है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने बताया कि भाजपा ने सदस्यता अभियान 11 अक्तूबर को शुरू किया था और यह अक्तूबर अंत तक चलना है। इसके बाद 1 से 5 नवंबर तक नामांकन संबंधी जांच होगी। पार्टी का लक्ष्य अपने पिछले उच्चतम रिकॉर्ड 11 करोड़ सदस्य संख्या को पार करना है। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में राजनीति में एक लाख युवाओं को जनप्रतिनिधि के तौर पर लाने का आह्वान किया था और कहा था कि इस कदम से जातिवाद और वंशवाद की राजनीति को खत्म करने में भी मदद मिलेगी।


जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज 24 अक्तूबर को आएंगे भारत
जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज रक्षा बृहस्पतिवार से भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वे व्यापार, हरित ऊर्जा, द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने के मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। शोल्ज ने पिछले साल दो बार भारत की यात्रा की। वे बीते साल फरवरी में द्विपक्षीय राजकीय यात्रा और सितंबर में जी 20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए थे। प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर शोल्ज 25 अक्तूबर को सातवें अंतर सरकारी परामर्श (आईजीसी) की सह-अध्यक्षता करेंगे। आईजीसी परामर्श के दौरान चांसलर शोल्ज के साथ उनके मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद होंगे। वे 25 अक्तूबर को नई दिल्ली में आयोजित जर्मन बिजनेस के 18वें एशिया प्रशांत सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें