ओडिशा के नयागढ़ जिले में एक प्राइवेट कोचिंग सेंटर के छात्रों को पिकनिक पर ले जा रही बस एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन लड़कियों की मौत हो गई, वहीं अन्य 10 घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हादसा दासपल्ला क्षेत्र में सहलाभंगा जंगल के पास घटी।
पुलिस के अनुसार, बस में करीब 50 छात्र मौजूद थे। हादसे में दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, एक अन्य लड़की ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अन्य घायल छात्रों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
देश में निरंकुशता और भाई-भतीजावाद की जगह प्रतिभावाद ने ले लिया: धनखड़
उपराष्ट्रीयपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को बताया कि देश में निरंकुशता और भाई-भतीजावाद की जगह अब प्रतिभावाद ने ले लिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के पास अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का बहुत अवसर है।
नई दिल्ली में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के वॉलंटियर्स को संबोधित करते हुए धनखड़ ने कहा, 'कानून के समक्ष समानता अब वास्तव में स्थापित हो गई है। भ्रष्टाचार और बिचौलियों का समय खत्म हो गया है। युवाओं के पास अपनी क्षमताओं की पहचान करने का पर्याप्त अवसर है।'
धनखड़ ने आगे कहा, 'भ्रष्टाचार और निरंकुशता की जगह अब लोकतंत्र की प्रतिभावाद ने ले लिया है।' एनएसएस वॉलंटियर्स उस महिला दल का हिस्सा थे, जिसने गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया था।
शिक्षक से 23 लाख की धोखाघड़ी मामले में दो के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक शिक्षक के साथ 23लाख रुपये की धोखाघड़ी मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दरअसल, दोनों आरोपी ने शिक्षक से मुंबई कस्थित मेडिकल कॉलेज में उसकी बेटी के लिए सीट आरक्षित रखने का वादा किया था।
आरोपी की पहचान प्रेरणा बनवारीलाल शर्मा और कबीर सरकार के तौर पर की गई है। दोनों ने शिक्षक से सीट आरक्षित करने के लिए 33 लाख की मांग की थी। आरोपियों ने मैनेजमेंट कोटा के तहत कॉलेज में दाखिला कराने का दावा किया था। जब बेटी का दाखिला नहीं हुआ, तब आरोपियों ने शिक्षक को केवल दस लाख रुपये वापस किया। पुलिस ने फिलहाल दोनों आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ठाणे में कुएं के भीतर पत्थर से बंधा मिला व्यक्ति का शव
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 32 वर्षीय व्यक्ति का शव एक कुएं में पत्थर से बंधा मिला। मृतक की पहचान चंद्रप्रकाश सुरेशचंद्र लोबंशी के तौर पर की गई है। एक अधिकारी ने बताया कि मृतक 20 जनवरी से ही लापता था।
पूर्वी डोंबिवली इलाके के स्थानीय लोगों ने जब कुएं में शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। अधिकारियों ने बताया कि शव पत्थर से बंधा हुआ था और उसके पीठ और गले पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शुक्रवार को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर 24 परगना में एक वैगन प्लांट स्टॉकयार्ड में लगी आग
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक वैगन प्लांट स्टॉकयार्ड में आग लग गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। आग एक खुली जगह पर लगी, जहां पहियों का ढेर रखा हुआ था। आग की खबर पाकर तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
पिनरई विजयन ने केंद्र पर लगाया लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र चुनाव आयोग समेत अन्य संवैधानिक संस्थानों पर अपना दबदबा बनाने के लिए काम कर रही है।
राज्य सूचना आयोग द्वारा सरकरी अधिकारियों के लिए एक संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए सीएम विजयन पिनरई ने कहा, 'यह खतरनाक है। अब हम देख रहे हैं कि संवैधानिक संस्थानों पर अपना दबदबा बनाया जा रहा है। यह सब हमारी लोकतांत्रित व्यवस्था को मूल रूप से कमजोर कर देंगे।'
उन्होंने आगे कहा कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम में लाए गए संशोधन का उद्देश्य सूचना आयोग को सत्ता में मौजूद राजनीतिक व्यवस्था की इच्छा के अनुसार काम करना है। वर्तमान कानून को अधिक जिम्मेदार और लोगों के अनुकूल तरीके से लागू किया जाना चाहिए।
अमित शाह का दो दिवसीय बंगाल दौरा रद्द
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय बंगाल दौरा स्थगित किया गया है। यह दौरा 28 जनवरी से शुरू होने वाला था। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। यात्रा की नई तारीख की एलान जल्द किया जाएगा। शाह 29 जनवरी को पूर्वी मेदिनीपुर के मेचिदा में सार्वजनिक सभा को संबोधित करने वाले थे। इसके साथ ही राज्य में लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए वह एक संगठनात्मक बैठक भी करने वाले थे।
गोवा के सीएम सावंत ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी गांधी परिवार पहले,उसके बाद पार्टी में और देश को आखिरी में रखती है। उनका ये आरोप भाजपा द्वारा कांग्रेस पर गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को पार्टी के झंडे के नीचे रखकर उसका अपमान करने का आरोप लगाने के बाद आया है।
प्रमोद सावंत ने अपने ट्वीट में लिखा कि कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे पहले गांधी परिवार, दूसरे नंबर पर पार्टी और सबसे अंत में राष्ट्र में विश्वास करते हैं।
उनके इस तंज पर गोवा कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी दिव्य कुमार ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा अनजाने में कांग्रेस ध्वज के ध्वज स्तंभ के नीचे रख दिया गया था। साथ ही अनजाने में हुई गलती के लिए माफी भी मांगी।
वीर सावरकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आईएलएस और रनवे लाइटिंग सिस्टम की व्यवस्था
एक अधिकारी ने बताया कि पोर्ट ब्लेयर के वीर सावरकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जल्द ही उन्नत इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) और रनवे लाइटिंग सिस्टम की व्यवस्था होगी।ये सुविधाएं रात और खराब मौसम के दौरान विमान संचालन को सक्षम बनाएंगे।
हवाई अड्डे के निदेशक देवेंद्र यादव ने कहा कि डॉप्लर वेरी हाई-फ्रीक्वेंसी ओमजी रेंज (डीवीओआर) का परिचालन 19 जनवरी से पहले से ही हो चुका है। डीवीओआर एक छोटी एवं मध्यम दूरी की रेडियो नेविगेशन सिस्टम है, जो एयरक्राफ्ट को दिशा और गंतव्य स्थापित करने में मदद करती है।
गृहमंत्री अमित शाह का तेलंगाना दौरा स्थगित
गृहमंत्री अमित शाह का तेलंगाना दौरा स्थगित हो गया है, वह रविवार को हैदराबाद में लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा की एक बैठक में हिस्सा लेने वाले थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुछ जरूरी कारणों के चलते केंद्रीय मंत्री का दौरा स्थगित किया गया है।
ओडिशा के ढेकनाल जिले में शनिवार को भाजपा सांसद जुएल ओरांव की कार और एक बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि सांसद घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा कामाख्यानगर में रेकुला चक में हुआ। सांसद के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार जब्त कर ली गई है। ओरांव ने कहा, यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहे थे। उन्होंने कहा कि बाइक सवार (सरबेश्वर चौधरी) अचानक उनकी गाड़ी के सामने आ गया था और टकरा गया।