फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: उत्तर 24 परगना में तीन करोड़ के सोने के बिस्किट जब्त; पुणे की कारखाने में आग लगने से दो की मौत

Tue, 23 Jan 2024 02:57 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ के कर्मियों ने ईच्छामति नदी पर तीन लोगों को देखा, जो बांग्लादेश की सीमा से भारत की तरफ आ रहे थे। बीएसएफ कर्मियों ने तीनों का पीछा किया। उनमें से दो भागने में कामयाब रहे, लेकिन एक पकड़ा गया।
विज्ञापन
रविवार की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में 3.09 करोड़ रुपये की सोने की सिल्लियां और बिस्किट जब्त की गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। बीएसएफ कर्मियों ने अंगरेल सीमा के हलदरपारा में सोने की दो सिल्लियां और 30 बिस्किट जब्त किए, जिनका वजन 4.82 किलोग्राम बताया गया। 
विज्ञापन


ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ के कर्मियों ने ईच्छामति नदी पर तीन लोगों को देखा, जो बांग्लादेश की सीमा से भारत की तरफ आ रहे थे। बीएसएफ कर्मियों ने तीनों का पीछा किया। उनमें से दो भागने में कामयाब रहे, लेकिन एक पकड़ा गया। यह घटना रविवार की दोपहर तीन बजे की है। 

आरोपी की पहचान प्रोसेंजीत मंडल के तौर पर की गई है। उसने बताया कि नदी पार कर सोने की खेप भारत लाने के लिए उसे 500 रुपये दिया गया था। जब वह बांग्लादेश की तरफ गया, वहां एक व्यक्ति उसका इंतजार कर रहा था। आरोपी उससे सोनी की सिल्लियां और बिस्किट लेकर वापस भारत की तरफ आने लगा। इसी दौरान बीएसएफ के कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। 
विज्ञापन

सीएम शिंदे ने नेताजी और बाला साहेब ठाकरे की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में नेताजी सुभाष चंद्र बोस और बाला साहेब ठाकरे की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।

पुणे में दो कारखानों में लगी आग, दो की मौत

महाराष्ट्र में पुणे शहर में दो कारखानों में आग लग गई। इस हादसे में एक कारखाने के भीतर सो रहे दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। यह घटना घटना पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) क्षेत्र के अंतर्गत चिंचवड़ इलाके के वाल्हेकर वाडी में देर रात 2:25 बजे घटी।

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग आस पास स्थित दो कारखानों में लगी। उन्होंने बताया कि एक कारखाने में एल्यूमीनियम का दरवाजा बनाने का काम और दूसरी में सामान पैकेजिंग का काम होता था। आग ने दोनों कारखानों को चपेट में ले लिया। आग लगने से कारखानों में रखी सामग्री एक एयर कंप्रेसर और एक कार जलकर खाक हो गई। 

अधिकारी ने बताया कि आग लगने के बाद आस-पास के इमारतों में रहने वाले लोगों को बाहर निकाला गया। आगपर काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। 

वाईएसआरसीपी के सांसद एल. श्री कृष्ण देवरायलु ने दिया इस्तीफा

आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ युवजन श्रमिका रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के लोकसभा सदस्य एल. श्री कृष्ण देवरायलु ने मंगलवार को पार्टी और संसद से इस्तीफा दे दिया। वह नरसरावपेट निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए थे।

इस्तीफा देने के बाद उन्होंने मीडिया को बताया, 'हां, मैंने वाईएसआरसीपी और लोकसभा इस्तीफा दे दिया है।' उन्होंने आगे कहा कि वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआरसीपी उन्हें एक अलग निर्वाचन क्षेत्र से टिकट देने की योजना बना रही थी लेकिन वह नरसरावपेट से नहीं जाना चाहते थे।

देवरायलु ने बताया कि पार्टी के अंदर यह 'ड्रामा' पिछले छह महीनों से चल रहा है और अब यह सार्वजनिक रूप से सबके सामने आया है। फिलहाल न तो उन्होंने अपने अगले कदम के बारे में सोचा है और न ही किसी राजनीतिक दल ने अभी तक उनसे संपर्क किया है। बता दें कि देवरायलु का इस्तीफा मछलीपट्टनम के वाईएसआरसीपी सांसद बालाशोवरी वल्लभनेनी और अन्य नेताओं के पार्टी छोड़ने के बाद आया है।

मंदिर के पुजारी को वेतन वापस करने का नोटिस 
कर्नाटक स्थित कोडंडारामा मंदिर के मुख्य पुजारी हीरेमगलूर कन्नन को चिक्कमगलुरु जिला प्रशासन ने नोटिस जारी कर उनसे वेतन वापस करने को कहा है। नोटिस में कहा गया कि उनकी आय मंदिर की आय से अधिक है। जिला प्रशासन ने उन्होंने 4,74,000 रुपये वापस करने को कहा है, जो उन्हें पिछले 10 वर्षों में दिया गया था।  

दिव्यांग पेंशन न मिलने पर व्यक्ति ने की आत्महत्या
केरल में दिव्यांग पेंशन न मिलने पर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। चकित्तापारा पंचायत के एक पूर्व सदस्य ने कहा कि जोसेफ ने पंचायत को एक पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर दिव्यांग पेशन नहीं मिली तो वह आत्महत्या कर लेंगे। गौरतलब है कि उनकी बेटी भी दिव्यांग हैं। इस बीच, पुलिस ने कहा कि उसने घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।

 

70 करोड़ के रिफंड घोटाले में पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) में 70 करोड़ रुपये के फर्जी रिफंड घोटाला मामले में हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 18 ठिकानों पर मंगलवार को छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि ईडी की ओर से धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में कई अधिकारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों समेत निजी व्यक्तियों के ठिकानों पर छापे की कार्रवाई हुई। एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि ईडी ने चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के अलावा हिमाचल प्रदेश के बद्दी में एक परिसर पर छापे की कार्रवाई की। इस घोटाले में हुडा के छह अधिकारियों की भूमिका केंद्रीय एजेंसी की जांच के दायरे में है। अधिकारियों ने बताया कि करोड़ों रुपये के फर्जी रिफंड घोटाले में ईडी की यह कार्रवाई देर रात तक चलती रही।

घोटाले में कई प्रॉपर्टी डीलर भी संलिप्त
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार से जुड़ा यह मामला 2015 से 2019 के बीच गलत तरीके से धन की उगाही और करोड़ों रुपये के रिफंड का है। इसमें कई प्रॉपर्टी डीलरों की संलिप्तता सामने आई है।

महुआ मोइत्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई का वकील देहाद्राई को समन
सीबीआई ने वकील जय अनंत देहाद्राई को पेश होने के लिए समन भेजा है। तृणमूल की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ लोकपाल की ओर से भेजी गई भ्रष्टाचार मामले की शिकायत की जांच के संबंध में देहाद्राई को पेश होने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि एक समय में मोइत्रा के करीबी रहे देहाद्राई ने पूर्व सांसद पर गंभीर आरोप लगाए थे। महुआ ने इनका खंडन किया था। जांच एजेंसी ने देहाद्राई को बयान दर्ज कराने के लिए बृहस्पतिवार को पेश होने के लिए कहा। सीबीआई ने लोकपाल से शिकायत मिलने के बाद मोइत्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू की है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इन आरोपों का लेकर मोइत्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए लोकपाल से संपर्क किया था कि उन्होंने संसद में सवाल पूछने के बदले में रिश्वत ली। मोइत्रा को एक कारोबारी से उपहार और रिश्वत लेने का दोषी पाए जाने पर पिछले महीने लोस से निष्कासित कर दिया गया था। 

प्रेमिका से मिलने गए युवक को परिजनों ने पीटकर मार डाला
राजस्थान के बूंदी जिले में प्रेम प्रसंग के चलते 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार देर रात दबलाना थाना क्षेत्र के रेण गांव में हुई। मृतक की पहचान खेड़ा गांव निवासी नरेंद्र गुर्जर (22) के रूप में हुई, जो अपने दोस्त के साथ देर रात प्रेमिका से मिलने उसके घर रेण गांव गया था। लड़की के परिजनों को जब दोनों की मौजूदगी का पता चला, तो उन्होंने युवकों को पकड़ लिया और लाठियों से बुरी तरह पीटा। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

ट्रेन की चपेट में आकर रेलवे के तीन कर्मचारियों की मौत 
महाराष्ट्र के पालघर जिले में रेलवे के तीन कर्मचारियों की उस वक्त ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जब वे सिग्नल को दुरुस्त करने का काम कर रहे थे। यह हादसा सोमवार शाम 8.55 बजे वसाई रोड और नायगांव के बीच हुआ। लोकल ट्रेन चर्च गेट की ओर जा रही थी। रेलवे पुलिस ने मंगलवार को कहा, मृतकों में मुख्य सिग्नल इंस्पेक्टर (भायंदर) वासु मित्रा, इलेक्ट्रिकल सिग्नलिंग मेंटेनर (वसाई रोड) सोमनाथ उत्तम लंबूतरे और सहायक सचिन वानखेड़े शामिल हैं। उन्होंने कहा, ये तीनों पश्चिमी रेलवे के कर्मचारी थे। ये लोग सोमवार को कुछ सिग्लनों में आई खराबियों को ठीक करने गए थे। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि तीनों मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर 55 हजार रुपये का भुगतान किया है। पश्चिमी रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, अनुग्रह राशि 15 दिन के भीतर मृतकों के परिजनों को दी जाएगी।

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का आगाज एक फरवरी से
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) के 17वें संस्करण का आगाज एक फरवरी से होगा। साहित्य महोत्सव में विभिन्न देशों के 550 से अधिक ख्यातिलब्ध लेखक, समीक्षक, कलाकार और वक्ता भाग लेंगे। छह फरवरी को समाप्त होने वाले पांच दिवसीय साहित्य महाकुंभ की इस बार की थीम है 'स्टोरीज यूनाइट अस'। पिछले वर्षों की तरह, महोत्सव भाषाई विविधता का जश्न होगा। जेएलएफ में हिंदी, असमिया, कन्नड़, कश्मीरी, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल और उर्दू के साहित्य पर खासतौर पर फोकस रहेगा। महोत्सव में 2023 के बुकर-पुरस्कार विजेता लेखक पॉल लिंच, ब्रिटिश कलावादी मैरी बियर्ड जैसी  हस्तियां शामिल होंगी।  

मुंबई में धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में तीन गिरफ्तार
मुंबई में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। धार्मिक भावनाएं भड़काने के चार मामले सामने आने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ एक एफआईआर भी पुलिस ने दर्ज की। सभी चारों मामले 22 जनवरी को सामने आए।  

60 करोड़ की घूसखोरी में सात रेलकर्मियों  के खिलाफ केस दर्ज
सीबीआई ने 2016 से 2023 के दौरान नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे जोन के प्रोजेक्ट के सिलसिले में 60 करोड़ रुपये की रिश्वतखोरी के मामले में सात रेलवे कर्मचारियों और निजी कंपनी, भरतिया इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई अधिकारियों की तरफ से यह जानकारी मंगलवार को दी गई। उन्होंने बताया कि मामला तब सामने आया जब केंद्रीय जांच ब्यूरो ने दो करोड़ की घूस के मामले में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे जोन के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर संतोष कुमार के परिसरों की तलाशी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान हासिल सामग्री से पता चला कि भरतिया इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने कथित तौर पर रेलवे अधिकारियों को 60 करोड़ रुपये से अधिक की रिश्वत दी थी। 

कर्नाटक में श्रीराम शोभायात्रा में बवाल, धारा 144 लागू
कर्नाटक में कलबुर्गी जिले के वाडी शहर में भगवान राम की शोभायात्रा के दौरान विवाद के बाद धारा 144 लागू कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने बताया कि 25 जनवरी को सुबह छह बजे तक दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा आदेश लागू रहेगी। यह आदेश कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती उपाय के रूप में जारी किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को शोभायात्रा के दौरान दो समूहों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद कथित रूप से पथराव की घटना हुई। इस पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए ‘हल्का’ बल प्रयोग किया। अयोध्या में राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में यह शोभायात्रा निकाली जा रही थी।

ईडी के सामने पेश होने से माकपा नेता इसाक का इन्कार
केरल के मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता थॉमस इसाक ने मंगलवार को कहा कि वह फेमा मामले के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश नहीं होंगे। इसाक ने उन्हें जारी किए गए समन को उत्पीड़न बताया। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) मामला पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा सरकार में वित्त मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान केरल अवसंरचना निवेश निधि बोर्ड (केआईआईएफबी) के वित्तीय लेनदेन में उल्लंघन की जांच से जुड़ा है। ईडी ने 71 वर्षीय नेता को 22 जनवरी को कोच्चि स्थित एजेंसी कार्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। 

बांग्लादेश सीमा पर 3.9 करोड़ के सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ ने 3.9 करोड़ रुपये की सोने की छड़ों (गोल्ड बार) और ईंटों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। अंगरेल सीमा चौकी क्षेत्र के हलदरपारा से यह जब्ती की है, जिसमें 4.82 किलो की सोने की दो छड़ें और 30 बिस्किट शामिल हैं। बीएसएफ ने आरोपी को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के सुपुर्द कर दिया है।  

वाईएसआरसीपी के सांसद देवरायलु ने दिया इस्तीफा, पार्टी भी छोड़ी
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी के लोकसभा सदस्य एल श्री कृष्ण देवरायलु ने पार्टी और संसद से इस्तीफा दे दिया। वह आंध्र प्रदेश में नरसरावपेट निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। देवरायलु ने कहा कि पार्टी उन्हें एक अलग निर्वाचन क्षेत्र से टिकट देने की योजना बना रही थी, लेकिन वह नरसरावपेट से अन्यत्र नहीं जाना चाहते। 

माल ढुलाई गलियारों के रेल संपर्क खंड का कल उद्घाटन करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारों (डीएफसी) को जोड़ने वाली विद्युतीकृत दोहरी लाइन का बृहस्पतिवार को उद्घाटन करेंगे। यह रेल खंड न्यू खुर्जा जंक्शन से न्यू खुर्जा को जोड़ेगा। दो माल ढुलाई गलियारों को जोड़ने वाला 173 किमी लंबा यह रेल खंड 10,141 करोड़ की लागत से बना है। इस मार्ग पर न्यू बोराकी, न्यू दादरी, न्यू फरीदाबाद, न्यू पृथला, न्यू तावडू और न्यू धारूहेड़ा के रूप में छह स्टेशन स्थित हैं। डीएफसी मार्ग पर मालगाड़ियों की रणनीतिक रूटिंग होने से खुर्जा और रेवाड़ी के बीच लगने वाले समय में 20 घंटे तक की कमी आई है।

एलएडीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य को चार साल जेल
मिजोरम की लाई स्वायत्त जिला परिषद (एलएडीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य वी जिरसंगा को आइजोल की एक विशेष अदालत ने भ्रष्टाचार के मामले में चार साल जेल की सजा सुनाई। कोर्ट ने लॉन्गतलाई के 18 माध्यमिक स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को नियमित करने में हेरफेर से संबंधित मामले में तीन अन्य लोगों को भी सजा सुनाई है। न्यायाधीश ने जिरसंगा पर चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना न चुकाने पर उन्हें दो साल अतिरिक्त जेल की सजा काटनी होगी।  
विज्ञापन

केरल के निष्कासित माकपा नेता की एक करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सहकारी बैंक घोटाला मामले में पार्टी से निष्कासित माकपा नेता एन भासुरंगन और उनके परिवार की एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच कर ली। यह मामला धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) से जुड़ा है। एजेंसी के मुताबिक भासुरंगन जब तिरुवनंतपुरम स्थित कांडला सर्विस कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष थे, उस दौरान इसमें घोटाला हुआ था।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें