असम पुलिस ने नागालैंड पुलिस के साथ मिलकर उत्तरपूर्वी भारत के मोस्ट वॉन्टेड ड्रग तस्कर को असम के सोनितपुर जिले से गिरफ्तार किया है। नागालैंड पुलिस ने बताया कि उन्होंने मुख्य तस्कर के दो अन्य सहयोगियों को दमापुर और इंफाल से गिरफ्तार किया है।
तमिलनाडु के पलानी रेलवे स्टेशन पर बम होने की धमकी
तमिलनाडु के पलानी रेलवे स्टेशन पर बम होने की धमकी मिलने के बाद 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने वहां निरिक्षण किया। डिंडीगुल एसपी प्रदीप ने कहा कि ईमेल के जरिए स्टेशन पर बम होने की सूचना मिली। इसलिए हमने रेलवे स्टेशन की तलाशी ली। वहां कोई बम नहीं मिला। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है।
वडोदरा एयरपोर्ट पर अमेरिकी डॉलर के साथ पकड़ा गया संदिग्ध
प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने शनिवार को कहा कि उसने अमेरिका से दिल्ली होते हुए वडोदरा एयरपोर्ट पर उतरे एक व्यक्ति से करीब 60 हजार अमेरिकी डॉलर जब्त किए हैं। केंद्रीय एजेंसी ने शनिवार को गुजरात के वडोदरा में उस व्यक्ति के आवास पर भी तलाशी ली, हालांकि अभी पहचान नहीं की गई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बयान में कहा कि उस व्यक्ति ने शुक्रवार को अमेरिका से दिल्ली आने के दौरान इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों को विदेशी मुद्रा की घोषणा नहीं की। जब वह दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए वडोदरा पहुंचे तो उन्हें रोक लिया गया और उनके बैग से 60 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए।
फिरौती के लिए महिला का अपहरण का प्रयास, दो गिरफ्तार
नागपुर पुलिस ने दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दो व्यक्ति खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) कर्मी बताकर 30 लाख रुपये की फिरौती के लिए महिला का अपहरण करने का प्रयास कर रहे थे, जिसे पुलिस ने विफल किया। शनिवार को पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों आरोपी महिला को हिंगना के महाजनवाड़ी इलाके में अपने किराए के मकान में ले गए और उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया। उसके परिवार को 30 लाख रुपये की फिरौती का फोन आया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सतर्क किया।
कार में मिले तीन जले हुए शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक कार में तीन जले हुए शव बरामद हुए। पुलिस जांच के बाद पता चला कि ये तीन लोग मंगलुरू के बेलथांगडी तालुक के रहने वाले थे। पुलिस ने दावा किया कि खजाने की खोज के कारण हत्या को अंजाम दिया गया। तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक केवी ने कहा कि जांच टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही वह इसके पीछे के गिरोह का भंडाफोड़ करेगी। शुक्रवार को तुमकुरु जिला मुख्यालय शहर के बाहरी इलाके कुचांगी गांव में एक झील के तल पर एक जली हुई कार में शव पाए गए।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल की अचानक बिगड़ी तबीयत
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल अब्दुल नजीर की अचानक तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत विजयवाड़ा मणिपाल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। डॉक्टर फिलहाल उनका इलाज कर रहे हैं। हालांकि अभी तक इसके पीछे के कारणों का पता नहीं चला है। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल पीआरओ ने कहा कि उनका स्वास्थ्य अभी स्थिर है, अधिक जानकारी का इतंजार किया जा रहा है।
अर्थ आवर के चलते बीएसईएस में बिजली बचत
अर्थ आवर के चलते बीएसईएस क्षेत्र में 130 मेगावाट बिजली की बचत हुई। दिल्ली ने कुल मिलाकर 206 मेगावाट की बचत की। पिछले साल, दिल्ली ने इस घंटे के दौरान 279 मेगावाट बिजली बचाई।